Punjab
नशा विरोधी जागरूकता कार्यक्रम में शामिल हुए CM भगवंत सिंह मान; कहा, “हम पंजाब से नशे का कलंक मिटा देंगे”
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने आज जोर देकर कहा कि पंजाब सरकार हर हाल में प्रदेश से “नशे का कलंक” मिटाकर रहेगी। उन्होंने कहा कि चल रहे युद्ध नशियां विरुद्ध अभियान ने पहले ही नशा तस्करी नेटवर्क को बड़ा झटका दिया है, जिसके तहत सिर्फ 437 दिनों में 63,707 से अधिक नशा तस्करों को गिरफ्तार किया गया है और पंजाब भर में नशे के पैसे से बनी अवैध संपत्तियों को गिराया जा रहा है।
बटाला में संत त्रिलोचन दास जी महाराज के 38वें गुरुगद्दी दिवस को समर्पित नशा विरोधी जागरूकता कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि नशों और संगठित अपराध के खिलाफ लड़ाई अब जन आंदोलन बन गई है, जिसमें हर पंजाबी पंजाब सरकार के कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है।
मुख्यमंत्री ने पिछले 112 दिनों में गैंगस्टरों पर वार अभियान के तहत की गई कार्रवाइयों, महिलाओं और स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए चल रहे कल्याणकारी कार्यों और प्रदेश में श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की बेअदबी की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए पंजाब सरकार द्वारा बनाए गए बेअदबी विरोधी सख्त कानून जैसी पहलकदमियों पर भी प्रकाश डाला।
सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा, “पंजाब सरकार के युद्ध नशियां विरुद्ध अभियान को 400 से अधिक दिन हो गए हैं और इस अभियान को शानदार सफलता मिली है। हमने नशे के कारोबार की रीढ़ तोड़ दी है और इस अपराध में शामिल बड़ी मछलियों को सलाखों के पीछे धकेल दिया गया है। नशों के खिलाफ यह कार्रवाई पूरी ताकत से तब तक जारी रहेगी, जब तक इस बुराई का पंजाब से पूरी तरह सफाया नहीं हो जाता।”
उन्होंने कहा कि इस अभियान के तहत पंजाब सरकार ने न केवल नशों की सप्लाई लाइन तोड़ दी है, बल्कि पीड़ितों के पुनर्वास को भी सुनिश्चित किया है। इसके साथ ही तस्करों की संपत्तियों को गिराया और जब्त भी किया जा रहा है। उन्होंने कहा, “अगर पंजाबी पंजाब को नशा मुक्त बनाने का दृढ़ इरादा रखते हैं तो कोई भी ताकत हमें इस मिशन को पूरा करने से नहीं रोक सकती। मैं इस लड़ाई को जन आंदोलन में बदलने के लिए लोगों से पूरे समर्थन और सहयोग की मांग करता हूं।”
पंजाब की आध्यात्मिक विरासत को उजागर करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि यह हमारे शहीदों की धरती है और इसका कोना-कोना महान गुरुओं, संतों, पीर-पैगम्बरों की चरण-छोह प्राप्त है, जिन्होंने हमें जुल्म, बेइंसाफी और अत्याचार के खिलाफ खड़े होना सिखाया। हमारे गुरुओं की शिक्षाओं से प्रेरित होकर ही हमने नशों के खिलाफ यह युद्ध शुरू किया, जिसके नतीजे अब जमीन पर दिखाई दे रहे हैं। वह दिन दूर नहीं, जब पंजाब पूरी तरह नशा मुक्त हो जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब को हमेशा देश का अन्न भंडार और खड़ग भुजा के रूप में जाना जाता रहा है और यहां के लोग दुनिया भर में अपनी हिम्मत, सिर्फ और उद्यमी स्वभाव के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने कहा, “पिछली सरकारों ने पंजाब के विकास को अनदेखा किया, जिसके कारण युवाओं को मजबूरी में पंजाब छोड़कर विदेशों की ओर जाना पड़ा। इसके विपरीत आज हमारी सरकार ‘रंगले पंजाब’ की प्राचीन शान बहाल करने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है।”
लोगों की भलाई पर केंद्रित प्रशासन पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा, “लोगों के टैक्स का पैसा लोगों का है और हम इस पैसे को उनकी भलाई पर पूरी समझदारी से खर्च कर रहे हैं। अब लोगों का पैसा भ्रष्टाचार और लूट में बेकार नहीं जाता, बल्कि स्कूलों, अस्पतालों, सड़कों और बुनियादी ढांचे के विकास पर लगाया जा रहा है।”
उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा 90 प्रतिशत घरों को मुफ्त बिजली प्रदान की जा रही है और बिना किसी भ्रष्टाचार के प्रदेश के युवाओं को 65,000 से अधिक सरकारी नौकरियां दी गई हैं। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा, “हमने सड़कों को बेहतर बनाया है, टोल प्लाजा बंद किए हैं, लोगों को रोजाना लगभग 70 लाख रुपये की बचत हो रही है और प्रदेश भर में बुनियादी ढांचे को मजबूत किया है। पंजाब के इतिहास में पहली बार किसानों को धान के सीजन के दौरान आठ घंटे से अधिक निर्बाध बिजली सप्लाई और सिंचाई के लिए दिन के समय बिजली दी गई है, जिससे उनकी जिंदगी बदल गई है।”
स्वास्थ्य सुरक्षा में किए गए सुधारों के बारे में बोलते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा, “मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना के तहत पंजाब के सभी 65 लाख परिवारों को स्वास्थ्य कार्ड जारी किए जा रहे हैं। इस योजना के तहत हर परिवार 10 लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज का हकदार है।” उन्होंने कहा कि 30 लाख से अधिक लाभार्थियों को पहले ही स्वास्थ्य कार्ड मिल चुके हैं, जबकि 1.65 लाख लोगों ने इस योजना के तहत मुफ्त इलाज करवाया है। उन्होंने आगे कहा, “मैं लोगों से इन कार्डों का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील करता हूं।”
महिलाओं को अधिक सशक्त बनाने के बारे में मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा, “पंजाब सरकार द्वारा ‘मांवां-धियां सतिकार योजना’ शुरू की गई है, जिसके तहत अनुसूचित जाति की हर महिला को प्रति माह 1,500 रुपये और अन्य वर्गों की हर महिला को प्रति माह 1,000 रुपये मिलेंगे।” उन्होंने कहा कि यह राशि सीधे बैंक खातों में ट्रांसफर की जाएगी और पहले से सामाजिक सुरक्षा पेंशन प्राप्त कर रही महिलाएं भी इस योजना के लिए योग्य होंगी। उन्होंने आगे कहा, “पंजाब में लगभग 97 प्रतिशत महिलाओं को इस योजना का लाभ मिलेगा और पंजाब सरकार ने बजट में इसके लिए 9,300 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं।”
जागत जोत श्री गुरु ग्रंथ साहिब सतिकार (संशोधन) अधिनियम 2026 का हवाला देते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा, “वाहिगुरू की कृपा से इस ऐतिहासिक कानून को लागू करके मुझे मानवता की सेवा करने का अवसर मिला है, जिसमें बेअदबी के लिए सख्त सजा का प्रावधान किया गया है। यह अधिनियम भविष्य में ऐसी दुर्भाग्यपूर्ण घटनाओं को रोकने में मदद करेगा।”
उन्होंने कहा कि बेअदबी की घटनाएं पंजाब में शांति और सांप्रदायिक सद्भाव को भंग करने के उद्देश्य से शुरू की गई गहरी साजिश के तहत करवाई गई थीं। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा, “इस अपराध में दोषी पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति को अनुकरणीय सजा दी जाएगी। श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी हर सिख के लिए पिता के समान हैं और उनकी मर्यादा को बनाए रखना हमारा पवित्र कर्तव्य है।” उन्होंने कहा कि दुनिया भर में बसने वाले सिखों द्वारा इस कानून के लिए धन्यवाद दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा, “इस अधिनियम को पारित करने की सेवा गुरु साहिब ने खुद मुझसे ली है। वाहिगुरू ऐसी सेवा सिर्फ उन्हीं को सौंपता है, जिन्हें उसने खुद चुना होता है और मैं सिर्फ एक निमाणा (विनम्र) सेवक हूं, जिसे यह जिम्मेदारी मिली है।” उन्होंने आगे कहा कि समाज के सभी वर्गों के लोग लंबे समय से बेअदबी के खिलाफ सख्त कानूनों की मांग कर रहे थे।
गुरबानी की तुक “पवणु गुरू पाणी पिता माता धरति महतु” का हवाला देते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि महान गुरुओं ने सदियों पहले मानवता को प्रकृति का सम्मान करने और सौहार्द के साथ रहने की शिक्षा दी थी। उन्होंने कहा, “श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी हमारे जीवित गुरु हैं और हर पंजाबी, खासकर हर सिख, श्री गुरु ग्रंथ साहिब में दर्ज हर शब्द का सम्मान करता है और उसका पालन करता है।”
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा, “पंजाब की मिट्टी इतनी उपजाऊ है कि यहां सब कुछ उग सकता है, लेकिन नफरत और दुश्मनी की यहां कोई जगह नहीं है। गुरुओं, संतों और पीरों की इस पवित्र धरती ने हमेशा प्यार, शांति और सहनशीलता का संदेश दिया है। पंजाब के सांप्रदायिक सद्भाव को ढहाने की कई कोशिशें की गईं, लेकिन ऐसी सभी साजिशें असफल रहीं क्योंकि यह सौभाग्यशाली धरती है।”
नशों के खिलाफ पंजाब सरकार की निरंतर कार्रवाई जन आंदोलन में बदल रही है
संत त्रिलोचन दास जी महाराज के 38वें गुरुगद्दी दिवस के अवसर पर सचखंड नानक धाम, दर्शन दरबार, बटाला में करवाया गया नशा विरोधी जागरूकता कार्यक्रम, नशों और संगठित अपराध के खिलाफ पंजाब सरकार द्वारा शुरू किए गए अभियान के बढ़ते प्रभाव को दर्शाता है। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार द्वारा प्रदेश भर में शुरू किए गए अभियान “युद्ध नशियां विरुद्ध” में तेजी लाई गई है। इस अभियान के तहत सिर्फ 437 दिनों में 63,707 से अधिक नशा तस्करों को गिरफ्तार किया गया है, साथ ही नशीले पदार्थों के नेटवर्क को बर्बाद किया गया है, नशीले पदार्थों की कमाई से बनी अवैध संपत्तियों को गिरा दिया गया है और पीड़ित युवाओं के लिए पुनर्वास सुनिश्चित किया गया है।
इसके साथ ही पंजाब सरकार के “गैंगस्टरों ते वार” अभियान के तहत गैंगस्टर विरोधी टास्क फोर्स और जिला पुलिस टीमों के समन्वय से संगठित अपराध के खिलाफ निर्णायक जंग शुरू की गई है। पंजाब सरकार ने नशा छुड़ाऊ इलाज, कौशल विकास और पुनर्वास पर भी ध्यान केंद्रित किया है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि पीड़ित युवाओं को सम्मान और रोजगार के अवसरों के साथ समाज की मुख्य धारा में फिर से शामिल किया जा सके।
Punjab
अकाली-भाजपा शासन के दौरान पंजाब ने नशे की सबसे बड़ी मार झेली: चीमा
वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने नशे के मुद्दे पर विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि पंजाब को नशा-मुक्त बनाने के लिए मान सरकार लगातार ठोस कदम उठा रही है। उन्होंने कहा कि अकाली-भाजपा सरकार के कार्यकाल के दौरान पंजाब में नशे की समस्या ने सबसे गंभीर रूप धारण किया और चिट्टे का कारोबार पूरे राज्य में फैल गया। इसके साथ ही बेअदबी की घटनाओं का दौर भी उसी समय शुरू हुआ।
हरपाल चीमा ने कहा कि एक तरफ कुछ राजनीतिक दलों पर नशा फैलाने के आरोप लगते रहे हैं, जबकि दूसरी तरफ केंद्रीय एजेंसियों के दुरुपयोग के आरोप भी सामने आते रहे हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार का मुख्य उद्देश्य राज्य को नशे की मार से बचाना और युवाओं को सुरक्षित भविष्य देना है।
चीमा ने बताया कि सरकार द्वारा ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ अभियान के तहत बड़े स्तर पर कार्रवाई की जा रही है। सीमावर्ती इलाकों में नशे की तस्करी रोकने के लिए एंटी-ड्रोन सिस्टम लगाए जा रहे हैं और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के लिए प्रतिबद्ध है और राज्य को नशा-मुक्त बनाने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। चीमा ने दावा किया कि मान सरकार के प्रयासों से नशा माफिया पर लगातार शिकंजा कसा जा रहा है और आने वाले समय में इस अभियान को और तेज किया जाएगा।
Punjab
बिक्रम सिंह मजीठिया को अदालत से बड़ी राहत, अग्रिम जमानत याचिका मंजूर
पंजाब की राजनीति से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है। शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया को अदालत से बड़ी कानूनी राहत मिली है। अमृतसर की जिला अदालत ने एफआईआर नंबर 91 से जुड़े मामले में मजीठिया की अग्रिम जमानत याचिका को मंजूरी दे दी है।
जानकारी के अनुसार, यह मामला मजीठा पुलिस थाने में दर्ज एफआईआर नंबर 91 से संबंधित है, जिसमें बिक्रम सिंह मजीठिया और उनके कुछ समर्थकों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। मामले की सुनवाई के दौरान अदालत ने दोनों पक्षों की दलीलों को ध्यानपूर्वक सुना और इसके बाद अपना फैसला सुनाया।
अदालत द्वारा अग्रिम जमानत दिए जाने से मजीठिया को इस मामले में बड़ी राहत मिली है। इस फैसले के साथ पिछले कुछ दिनों से चल रही कानूनी चर्चाओं और राजनीतिक अटकलों पर भी काफी हद तक विराम लग गया है।
फैसले की खबर सामने आते ही शिरोमणि अकाली दल के नेताओं और कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर देखने को मिली। पार्टी से जुड़े नेताओं ने इस फैसले को न्याय की जीत बताया, जबकि मजीठिया के समर्थकों ने भी अदालत के निर्णय का स्वागत किया।
राजनीतिक हलकों में अब इस फैसले को पंजाब की राजनीति के एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम के रूप में देखा जा रहा है। आने वाले दिनों में इस मामले को लेकर राजनीतिक प्रतिक्रियाओं और आगे की कानूनी प्रक्रिया पर सभी की नजरें बनी रहेंगी।
Punjab
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने बड़ी मेहनत से पंजाब को काले दौर से बाहर निकाला; अब हमें अच्छे कामों को रुकने नहीं देना चाहिए: अरविंद केजरीवाल
नगर निगम चुनावों में आम आदमी पार्टी की शानदार जीत के लिए पंजाब के लोगों का धन्यवाद करते हुए ‘आप’ के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने रविवार को मोहाली में एक मेगा रोड शो के दौरान विशाल जनसभा को संबोधित किया। अरविंद केजरीवाल ने कहा कि शिरोमणि अकाली दल, भाजपा और कांग्रेस के शासनकाल के दौरान पंजाब को बर्बादी की ओर धकेल दिया गया था, उस समय पूरे प्रांत में नशे फैल गए थे और पंजाब पर एक काला दौर छा गया था। उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने पंजाब को उस मुश्किल दौर से बाहर निकालकर फिर से तरक्की के रास्ते पर लाने के लिए दिन-रात मेहनत की है।
लोगों से इस बदलाव को और मजबूत करने की अपील करते हुए अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पंजाब को भगवंत मान सरकार द्वारा किए जा रहे अच्छे कामों को रुकने नहीं देना चाहिए। उन्होंने आगे कहा कि पंजाब के इतिहास में किसी भी सरकार को साढ़े चार साल का कार्यकाल पूरा होने के बाद इतना प्यार और जनता का समर्थन नहीं मिला, जितना आज ‘आप’ सरकार को मिल रहा है। पिछली सरकारों से इसकी तुलना करते हुए उन्होंने कहा कि वे सरकारें लोगों का भरोसा इतनी हद तक खो चुकी थीं कि सत्ता में इतना समय बीत जाने के बाद लोग अपने नेताओं को गाँवों में घुसने तक नहीं देते थे।
रोड शो के दौरान विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए ‘आप’ के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा, “मोहाली के लोगों ने नगर निगम चुनावों में आम आदमी पार्टी को जबरदस्त जीत दिलाई है। मैं दिल्ली से खास तौर पर यहाँ आप सभी का धन्यवाद करने आया हूँ, जिस तरह से आपने आम आदमी पार्टी के कामों पर मुहर लगाई है।”
सरकार को मिले जनसमर्थन का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, “हमारी सरकार को सत्ता में आए करीब साढ़े चार साल हो गए हैं। पंजाब में पहले कभी भी किसी पार्टी को चार साल के कार्यकाल के बाद इतना प्यार नहीं मिला। इससे पहले कांग्रेस की सरकारें, भाजपा की सरकारें और अकाली दल की सरकारें रही हैं। जब वे सत्ता में तीन या चार साल पूरे करते थे तो लोग उन्हें गाँवों में घुसने भी नहीं देते थे। जब वे जनता के बीच जाते थे तो लोग उन्हें मारने के लिए हाथों में जूते लेकर खड़े हो जाते थे।”
सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए अरविंद केजरीवाल ने दावा किया, “पिछले चार सालों में आम आदमी पार्टी ने आपके लिए बहुत कुछ किया है। बिजली मुफ्त कर दी गई है। आम आदमी क्लीनिक स्थापित किए गए हैं। 10 लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा कवर दिया गया है। महिलाओं को अब उनके बैंक खातों में 1,000 और 1,500 रुपये मिलने शुरू हो जाएंगे। पूरे पंजाब में सड़कें बन रही हैं। गाँवों में नहरी सुओ तक पानी पहुँचना शुरू हो गया है। गाँवों के किसानों को अब दिन के समय बिजली मिल रही है। कामों की सूची बहुत लंबी है। लोग बहुत खुश हैं।”
उन्होंने आगे कहा, “जब हम रोड शो के दौरान यहाँ आ रहे थे, मैं लोगों के भाव देख रहा था। वे हमें देखकर बहुत खुश थे। यह एक बहुत बड़ी बात है कि सरकार में चार साल रहने के बाद भी लोग अपने नेताओं को देखकर इतने खुश हैं।”
अगले चुनाव के लिए समर्थन की मांग करते हुए ‘आप’ मुखिया ने कहा, “अब हमारे पास सिर्फ एक ही काम बाकी है। हमने पाँच सालों में बहुत काम किया है, लेकिन अभी भी बहुत सारा काम करना बाकी है। हमें भगवंत मान को फिर से मुख्यमंत्री बनाना होगा।”
लोगों से अपने इलाकों में प्रचार करने की अपील करते हुए उन्होंने कहा, “आपको अपनी गलियों, मोहल्लों और गाँवों में जाकर सभी को बताना चाहिए कि इस बार भगवंत मान को फिर से भारी बहुमत से मुख्यमंत्री बनाना है। हमें एक बड़ा बहुमत हासिल करना है। बाकी बचे कामों को भी पूरा करना होगा।”
मौजूदा सरकार की पिछली सरकारों से तुलना करते हुए अरविंद केजरीवाल ने जोर देकर कहा, “उनकी सरकारों के दौरान पूरे पंजाब में नशे बिक रहे थे। उनके राज में पंजाब बर्बादी की ओर बढ़ रहा था। पंजाब एक काले दौर में प्रवेश कर चुका था। यह केवल गुरु साहिब की कृपा और आशीर्वाद से ही संभव हुआ कि आम आदमी पार्टी की सरकार बनी और पंजाब को भगवंत मान जैसा मुख्यमंत्री मिला। अब अच्छे काम शुरू हो गए हैं। ये रुकने नहीं चाहिए। आपको एक बार फिर भगवंत मान को भारी बहुमत से मुख्यमंत्री बनाना है। उन्हें अपना आशीर्वाद और अपना प्यार दीजिए, जैसा आप हमेशा देते आए हैं।”
सरबजीत सिंह को मेयर बनने पर बधाई देते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा, “सरबजीत सिंह लोगों की सेवा के लिए हमेशा तैयार रहते हैं। मैं उन्हें बधाई देता हूँ और जनसेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता के लिए धन्यवाद देता हूँ। मुझे विश्वास है कि वे अपने पिता के नक्शे-कदमों पर चलेंगे और समर्पण भाव से लोगों की सेवा करते रहेंगे।”
मुख्यमंत्री ने कहा कि लोगों द्वारा दिया जा रहा प्यार दुनिया की किसी भी मुद्रा से नहीं मापा जा सकता। उन्होंने कहा, “हम प्रांत भर में जहाँ भी जाते हैं, हमें लोगों द्वारा बहुत प्यार और समर्थन मिल रहा है। दुकानदार अपने कारोबारों में और किसान अपनी फसलें बोने में लगे हुए हैं, फिर भी बड़ी संख्या में लोग अपना समर्थन दिखाने के लिए आ रहे हैं। मैं इस प्यार के लिए तहे दिल से धन्यवादी हूँ। एक तरफ हमारे लिए लोगों का प्यार दिनों-दिन बढ़ रहा है और दूसरी तरफ लोगों के साथ धोखा करने वाले राजनीतिक नेताओं के प्रति लोगों का विश्वास टूट रहा है।”
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि पारंपरिक राजनीतिक दलों ने एक-दूसरे के हितों की रक्षा करते हुए दशकों तक पंजाब पर शासन किया है। उन्होंने कहा, “सालों तक इन पार्टियों ने पंजाब को लूटा और इस तरह काम किया कि सत्ता उन्हीं के दायरे में बनी रहे। पहले लोगों के सामने केवल दो पार्टियों के विकल्प थे और दोनों ने बारी-बारी सत्ता हासिल कर पंजाब को लूटा। उन्होंने लोगों की पीठ में छुरा घोंपा और पंजाब की दौलत को लूटा। आज लोग झाड़ू का समर्थन कर रहे हैं, जो राज्य की राजनीतिक व्यवस्था को साफ कर रहा है।”
बदलते राजनीतिक माहौल के बारे में बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, “आज न तो सुखबीर सिंह बादल, न अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग और न ही प्रताप सिंह बाजवा लोगों के बीच दिखाई दे रहे हैं क्योंकि पंजाब के लोग राज्य सरकार के साथ मजबूती से खड़े हैं। लोगों ने बार-बार अपना समर्थन व्यक्त किया है और विपक्ष को राजनीतिक रूप से नुकसान उठाना पड़ा है क्योंकि पंजाब के समझदार लोगों ने उन्हें नकार दिया है। अंततः सच की जीत होती है और झूठ अपनी ताकत खो देता है। श्री गुरु नानक देव जी की कृपा से लोगों ने ईमानदार और अच्छे शासन को पहचान लिया है।”
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि विपक्ष पंजाब में हो रहे विकास को सहन करने में असमर्थ है। उन्होंने कहा, “हम पंजाब के समग्र विकास के लिए निरंतर प्रयास कर रहे हैं और इससे विपक्ष हैरान है। वे इस तथ्य को स्वीकार नहीं कर पा रहे कि आम लोगों की भलाई और पंजाब की प्रगति अब सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता बन गई है। उनकी निराशा हमारे खिलाफ इस्तेमाल की जा रही भाषा से स्पष्ट दिखाई देती है। मुझे लोगों के पैसे लूटने का अनुभव नहीं है, लेकिन मैं यह जरूर जानता हूं कि आम लोगों का दर्द कैसे साझा किया जाए और उनकी समस्याओं का समाधान कैसे किया जाए। मेरी एकमात्र प्राथमिकता पंजाब की खुशहाली और लोगों का कल्याण है।”
2022 के ऐतिहासिक जनादेश को याद करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब के लोगों ने पुराने राजनीतिक परिवारों की सत्ता को नकारते हुए ईमानदार शासन को चुना। उन्होंने आगे कहा, “2022 के विधानसभा चुनावों में सात पूर्व मुख्यमंत्रियों और उनके परिवारों को राज्यवासियों ने पूरी तरह नकार दिया और एक ईमानदार सरकार को मौका दिया। इस ऐतिहासिक जनादेश ने पंजाब को पूरी तरह बदल दिया है और राज्य को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करने में मदद की है।”
सिंचाई सुधारों के बारे में बोलते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि पंजाब ने जल प्रबंधन में एक बड़ा मील का पत्थर हासिल किया है। उन्होंने कहा, “इस वर्ष पंजाब ने बेहतर सिंचाई व्यवस्था के माध्यम से 96 प्रतिशत नहरी पानी का उपयोग किया, जिससे राज्य भर के किसानों को लाभ हुआ। पहले यह पानी बर्बाद हो जाता था। हमारी सरकार ने किसानों की सिंचाई आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए लगभग 14,000 किलोमीटर पाइप और खालें बनाई हैं तथा इनके माध्यम से 21,000 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। यह दो भाखड़ा नहरों द्वारा उपलब्ध कराए जाने वाले पानी के बराबर है और पंजाब के किसान भाईचारे को बड़ा लाभ पहुंचाएगा।”
मुख्यमंत्री ने कहा कि भूजल स्तर को सुधारने के लिए नहरों और नदियों में रिचार्ज प्वाइंट बनाए गए हैं। उन्होंने आगे कहा, “इसके परिणामस्वरूप कई क्षेत्रों में जल स्तर दो से चार मीटर तक बढ़ा है। करदाताओं के पैसे का एक-एक रुपया लोगों की भलाई के लिए समझदारी से खर्च किया जा रहा है। इसे बेहतर स्कूलों, अस्पतालों, सड़कों और अन्य विकास कार्यों के माध्यम से लोगों को वापस किया जा रहा है। हमने टोल प्लाजा भी बंद कर दिए हैं, जिससे पंजाब के लोगों को प्रतिदिन लगभग 70 लाख रुपये की बचत हो रही है।”
कल्याणकारी योजनाओं के बारे में बात करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि पंजाब सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि सार्वजनिक संसाधनों का उपयोग केवल लोगों के हित में किया जाए। उन्होंने कहा, “पंजाब के 90 प्रतिशत से अधिक घरों को मुफ्त बिजली मिल रही है और किसानों को अब दिन के समय बिजली मिल रही है, जो राज्य के इतिहास में अभूतपूर्व कदम है। ऐसे समय में जब देशभर में लोगों की संपत्तियों को चुनिंदा कॉरपोरेट हितों को सौंपा जा रहा है, पंजाब ने एक निजी थर्मल प्लांट खरीदकर और उसका नाम श्री गुरु अमरदास जी के नाम पर रखकर इतिहास रच दिया है।”
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार ने महिलाओं को प्रत्यक्ष वित्तीय सहायता प्रदान करने के लिए ‘मांवां-धियां सत्कार योजना’ शुरू की है। उन्होंने कहा, “18 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं को प्रति माह 1,000 रुपये मिलेंगे, जबकि अनुसूचित जाति परिवारों की महिलाओं को प्रति माह 1,500 रुपये दिए जाएंगे। सामान्य परिवारों, विशेषकर गरीब परिवारों के लिए यह राशि अत्यंत महत्वपूर्ण है। इससे भी अधिक महत्वपूर्ण यह है कि यह माताओं और बेटियों के सम्मान का प्रतीक है। इस योजना के कारण महिलाओं के चेहरों पर मुस्कान मुझे अत्यंत संतोष देती है।”
स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के बारे में बोलते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि ‘आप’ सरकार ने मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना शुरू की है, जो देश में अपनी तरह की पहली योजना है। उन्होंने कहा, “पंजाब का हर परिवार अब सालाना 10 लाख रुपये तक के नकद रहित चिकित्सा उपचार का हकदार है। पंजाब भारत का पहला राज्य बन गया है जिसने इस प्रकार की व्यापक स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान की है। इससे परिवारों पर आर्थिक बोझ काफी कम हुआ है और साथ ही गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित हुई हैं। अब तक राज्यवासियों ने इस योजना के तहत 650 करोड़ रुपये से अधिक का मुफ्त इलाज प्राप्त किया है।”
आज मोहाली में आयोजित मेगा रोड शो के दौरान अरविंद केजरीवाल और मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान का भव्य स्वागत किया गया। जैसे ही नेताओं के वाहन शहर के विभिन्न हिस्सों से गुजरे, बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर एकत्र हो गए और बालकनियों से फूल बरसाकर उनका उत्साहपूर्वक स्वागत किया। समर्थकों ने नारे लगाए और पार्टी के झंडे लहराए, जिससे रोड शो जनसमर्थन के उत्सव में बदल गया।
इस अवसर पर वरिष्ठ आप नेता एवं पंजाब प्रभारी मनीष सिसोदिया, कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा और बरिंदर कुमार गोयल, लोकसभा सदस्य मालविंदर सिंह कंग तथा कई अन्य नेता उपस्थित थे।
-
Religious3 years agoकब है तुलसी विवाह? इस दिन तुलसी माता का विवाह करने से मिलेगा लाभ
-
Religious3 years agoजानिए गोवर्धन पूजा का महत्व, कौनसा समय रहेगा पूजा के लिए सही
-
Religious3 years agoआखिर क्यों लिखा जाता है घर के बाहर शुभ लाभ, जानिए क्या है इन चिह्न का मतलब
-
Religious3 years agoपैरों के निशान, बनावट, रंग, साइज से पता लागए की आप कितने है भागयशाली
-
Punjab2 years agoपंजाब में अमरूद के बगीचे के मुआवजे के घोटाले में ED ने 26 स्थानों पर छापे मारे
-
Chandigarh2 years agoChandigarh: Top 10 Restaurants. ये लोकप्रिय क्यों हैं ?
-
Punjab2 years agoLudhiana में पुलिस स्टेशन के पास शव मिला। एक आदमी सड़क के बीच में पड़ा था; पास में कपड़ों से भरा एक बोरे भी मिला था, लेकिन उसकी पहचान नहीं हो सकी
-
Religious3 years agoजानिए दीपावली में वाले दिन आखिर कितने जलाने चाहिए दीये ? और क्यों जलाने चाहिए दिये |