National
आज का एक्सप्लेनर: 15 दिन में तीसरी बार क्रैश, क्या खतरे में भारतीय UPI सिस्टम ? रोज़ाना 80 हजार करोड़ का ट्रांजैक्शन, दुनिया में बनी हुई है धाक।
भारत में हर घंटे ढाई करोड़ से ज्यादा UPI ट्रांजैक्शन होते हैं। यह सिस्टम इतना भरोसेमंद बन चुका है कि बहुत से लोग कैश का उपयोग ही छोड़ चुके हैं। लेकिन 12 अप्रैल को अचानक Paytm, GPay, PhonePe जैसे ऐप्स से पेमेंट फेल होने लगे। किसी ने समोसा खाते हुए ऐप को निहारा, तो किसी को सलून में हेयर कट के बावजूद पेमेंट न होने के कारण घंटों इंतजार करना पड़ा। यह घटना पिछले 15 दिनों में तीसरी बार हुई है। आखिर इन दिनों UPI बार-बार क्यों क्रैश हो रहा है, क्या आगे भी ऐसा होगा, और अगर ऐसा हो तो आपकी पेमेंट अटक जाए तो आपको क्या करना चाहिए, ये सब जानेंगे आज के एक्सप्लेनर में।
सवाल-1: क्या अचानक बार-बार डाउन होने लगी है UPI सर्विस?
जवाब: भारत में डिजिटल पेमेंट को बेहद आसान और फास्ट बनाने वाले UPI की शुरुआत अप्रैल 2016 में हुई थी। महज 9 सालों में ही ये हमारी जिंदगी का जरूरी हिस्सा बन गया। देश में हर रोज करीब 60 करोड़ UPI ट्रांजैक्शन के जरिए करीब 80 हजार करोड़ रुपए का लेन-देन होता है। आमतौर पर ये सर्विस बिना किसी रुकावट के चलती है। हालांकि, पिछले 15 दिनों में तीन बार अचानक UPI की सर्विस डाउन हो गई। इस दौरान यूजर्स को पैसे के लेन-देन में देरी हुई या पेमेंट फेल हो गया…
26 मार्च 2025: करीब 3 घंटे के लिए UPI सर्विस डाउन रही। तब लोगों को गूगल पे, PhonePe और पेटीएम जैसे एप से अमाउंट ट्रांसफर करने में दिक्कतें हुईं। इस दौरान 10 से ज्यादा बैंकों के UPI और नेट बैंकिंग सर्विसेज पर भी असर पड़ा। आउटेज ट्रैकिंग साइट DownDetector के मुताबिक इस दौरान 3000 से ज्यादा शिकायतें दर्ज की गईं।
2 अप्रैल 2025: वित्त वर्ष 2025 के क्लोजिंग के चलते इस दिन देश के कई बैंकों की UPI और मोबाइल बैंकिंग सर्विसेज में समस्या आई थी। इस दौरान करीब 5000 यूजर्स ने केवल SBI की सर्विस डाउन होने की रिपोर्ट दर्ज की थी। नेशनल पेमेंट्स कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया यानी NPCI ने कहा कि बैंकों की सक्सेस रेट में उतार-चढ़ाव के कारण UPI ट्रांजैक्शन में रुकावटें आईं।
12 अप्रैल 2025: सुबह 11:30 बजे से करीब 3-4 घंटे तक UPI सर्विस डाउन रही। DownDetector के मुताबिक समस्या फेस कर रहे करीब 81% लोगों को पेमेंट करने में, 17% लोगों को फंड ट्रांसफर करने और लगभग 2% को खरीदारी करने में दिक्कतें हुईं। इस दौरान तमाम UPI एप्स पर 1168 से ज्यादा शिकायतें आईं।
सवाल-2: पिछले कुछ दिनों से बार-बार UPI सर्विस डाउन होने की क्या वजह है?
जवाब: UPI एक डिजिटल रास्ता है जिससे आप मोबाइल के जरिए अपने बैंक से किसी और के बैंक में तुरंत पैसे भेज सकते हैं। UPI का मालिक और ऑपरेशनल मैनेजर नेशनल पेमेंट्स कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया यानी NPCI है। NPCI को रिजर्व बैंक और इंडियन बैंक्स एसोसिएशन ने मिलकर बनाया है।
12 अप्रैल को जब UPI डाउन हुआ तो NPCI ने तकनीकी समस्या को इसकी वजह बताया। इससे पहले जब 2 अप्रैल को UPI डाउन हुआ था तब NPCI ने बताया था कि कुछ बैंकों से ट्रांजैक्शन की सफलता दर में उतार-चढ़ाव के कारण UPI सर्विस आंशिक रूप से डाउन चल रही है। हालांकि, पिछले दिनों बार-बार UPI सर्विस क्रैश होने के पीछे कई अन्य वजहें भी हो सकती हैं-
इकोनॉमिक टाइम्स के अनुसार IPL के कारण इन दिनों गेमिंग एप्स में UPI ट्रांजैक्शन बहुत ज्यादा बढ़ गए हैं। सर्वर पर लोड बढ़ने से सर्विस डाउन हो रही है।
NPCI के आंकड़ों के मुताबिक, फरवरी 2025 तक अमूमन रोजाना करीब 52 करोड़ ट्रांजैक्शन होते थे, लेकिन मार्च में ये बढ़कर करीब 60 करोड़ हो गए हैं। फरवरी में करीब 1610 करोड़ ट्रांजैक्शन हुए, जबकि मार्च में 1830 करोड़।
NPCI ने 8 अप्रैल को घोषणा की थी कि वह इंटरनेशनल UPI ट्रांजैक्शन के लिए QR कोड के इस्तेमाल को सीमित कर रहा है। ऐसे में हो सकता है कि इसके लिए UPI के बैकएंड पर कुछ काम चल रहा हो और सर्वर उसमें व्यस्त हो। इसके चलते घरेलू ट्रांजैक्शन प्रभावित हुए हों।
कुछ मामलों में, UPI की समस्या NPCI के सिस्टम के बजाय बैंकों के अपने सर्वर से जुड़ी होती है। उदाहरण के लिए SBI, HDFC और अन्य बैंकों ने रखरखाव या तकनीकी खराबी की बात कही है।
हालांकि, 12 अप्रैल को UPI डाउन होने के पीछे क्या तकनीकी समस्या थी, इसके बारे में NPCI ने आधिकारिक तौर पर कोई खुलासा नहीं किया है। सिर्फ इतना कहा कि वे तकनीकी खराबी को ठीक करने में जुटे हैं।
सवाल-3: क्या आगे भी UPI सर्विस डाउन हो सकती है?
जवाब: UPI आने से पहले एक बैंक से दूसरे बैंक में पेमेंट करने के लिए ट्रांजैक्शन फीस लगती थी। सभी बैंकों के अलग एप होते थे। इसे आसान बनाने के लिए NPCI ने UPI लॉन्च किया। अब NPCI का नेटवर्क सभी बैंकों के बीच में पेमेंट के लिए काम करता है। इससे ट्रांजैक्शन फीस हट गई और एक बैंक से दूसरे बैंक में पेमेंट करना आसान हो गया।
इसका एक नुकसान भी है। आप किसी भी बैंक के यूजर्स हों, कोई भी UPI ऐप इस्तेमाल करते हों, ट्रांजैक्शन के लिए NPCI का ही नेटवर्क इस्तेमाल होता है। ऐसे में अगर इस नेटवर्क में कोई भी दिक्कत आती है या ज्यादा लोड बढ़ता है तो पूरा UPI सर्वर प्रभावित होता है। RBI और NPCI UPI की क्षमता बढ़ाने और भविष्य में ऐसी समस्याओं को कम करने के लिए नए फीचर्स जैसे UPI लाइट और इंटरनेशनल पेमेंट्स पर काम कर रहे हैं।
जब तक ये सभी सुधार लागू नहीं होते, NCPI के सर्वर में कोई तकनीकी समस्या आ सकती है। इससे भविष्य में भी UPI सर्विस डाउन हो सकती है।
सवाल-4: अगर आपकी डिजिटल पेमेंट अटक जाए, तो क्या करें?
जवाब: जब UPI सर्वर डाउन चल रहा होता है, तो उस समय कई बार UPI ट्रांजैक्शन पेंडिंग बताने लगता है। अगर आपका पेमेंट भी इसी तरह अटक जाता है तो इसमें घबराने की जरूरत नहीं है। आपका पेमेंट या तो रिसीवर के खाते में जाएगा या वापस आपके बैंक खाते में आएगा। आमतौर पर ये कुछ मिनटों में ही क्लियर हो जाता है। इसमें ज्यादा से ज्यादा 72 घंटे का वक्त लगता है। कोई भी पैसा बीच में नहीं अटक सकता।

इस दौरान आपको डबल पेमेंट से बचना है। यानी अगर आपका ट्रांजैक्शन पेंडिंग दिखा रहा है और आपने कैश पेमेंट भी कर दिया। बाद में वो UPI ट्रांजैक्शन सक्सेसफुल हो गया तो आपके दोहरे पैसे लग गए। इससे बचने के लिए आपको पेमेंट ट्रांसफर होने का इंतजार करना है। अगर कैश दे भी रहे हैं, तो रिसीवर की कॉन्टैक्ट डिटेल ले लें, ताकि दोहरे पेमेंट की स्थिति में पैसे वापस ले सकें।
सवाल-5: क्या बार-बार सर्विस डाउन होने पर बैंक में रखा आपका पैसा सुरक्षित है?
जवाब: बैंक में रखा आपका पैसा पूरी तरह सुरक्षित है। UPI सर्विस डाउन होने से उस पर कोई असर नहीं पड़ता। UPI पेमेंट भी सिक्योर होती है। सबसे पहले UPI एप्स (जैसे GPay, PhonePe) में लॉक या फिंगरप्रिंट होता है। हर बार ट्रांजैक्शन से पहले आपको अपना UPI PIN डालना पड़ता है। बैंक और NPCI के सर्वर बहुत सिक्योर होते हैं।
इसलिए बिना ट्रांजैक्शन पिन डाले आपके बैंक अकाउंट से पैसे डेबिट नहीं हो सकते। सर्विस डाउन होने के कारण अगर पेमेंट के दौरान अकाउंट से पैसे डेबिट हो जाते हैं, लेकिन ट्रांजैक्शन फेल हो जाता है, तो भी आपके पैसे सुरक्षित हैं।
सवाल-6: कैसे काम करता है UPI पेमेंट सिस्टम?
जवाब: पहले अगर किसी के बैंक अकाउंट में पैसे भेजने होते थे तो आपको उनका अकाउंट नंबर, बैंक का नाम, ब्रांच का नाम और IFSC कोड पता होना जरूरी होता था। अब सिर्फ फोन नंबर या फिर UPI ID या सिर्फ एक QR कोड से पेमेंट हो जाता है।
यह NPCI के माध्यम से हो पाता है। NPCI बैंकों के बीच लिंक का काम करता है जिससे एक बैंक से दूसरे बैंक में रियल-टाइम ट्रांजैक्शन हो पाते हैं। इसे उदाहरण से समझ सकते हैं।
मान लीजिए श्रेया का बैंक खाता SBI में है और उसके दोस्त अभिषेक का खाता HDFC में। श्रेया PhonePe इस्तेमाल करती है और अभिषेक GPay। अब श्रेया अपने दोस्त को 500 रुपए भेजना चाहती है। ये प्रोसेस कुछ इस तरह होगा…
श्रेया अपना PhonePe ओपन करके अभिषेक की UPI ID डालती है। ₹500 टाइप करने के बाद UPI PIN डालती है।
श्रेया की रिक्वेस्ट PhonePe के जरिए NPCI के पास जाती है।
NPCI चेक करता है कि श्रेया का अकाउंट SBI में है या नहीं, अभिषेक का अकाउंट HDFC में है या नहीं और दोनों बैंक UPI नेटवर्क में हैं या नहीं।
इन सवालों का जवाब मिलने के बाद NPCI श्रेया के बैंक SBI से कहता है कि ₹500 श्रेया के अकाउंट से काटो। फिर HDFC बैंक से कहता है कि ‘₹500 अभिषेक के अकाउंट में जमा करो’।
आमतौर पर ये सब कुछ 2-3 सेकेंड में हो जाता है। सब कुछ सही होने पर ट्रांजैक्शन सक्सेस का मैसेज आ जाता है। इस तरह बिना किसी चार्ज के श्रेया के अकाउंट से 500 रुपए अभिषेक के पास पहुंच जाते हैं।
अगर पेमेंट QR कोड के माध्यम से हो तो कोड में रिसीवर के बैंक अकाउंट की डिटेल होती है जिससे NPCI को उसके बैंक के बारे में पता चलता है।
सवाल-7: भारत का ये पेमेंट सिस्टम पूरी दुनिया में क्यों धमक जमा रहा है?
जवाब : पिछले साल जनवरी में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैन्युल मैक्रों भारत आए थे। इस दौरान अपनी एक स्पीच में उन्होंने कहा था- ‘मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ पी गई चाय कभी नहीं भूलूंगा, क्योंकि इसका पेमेंट UPI से हुआ है।’
मैक्रों के अलावा विदेशी लीडर्स से लेकर पर्यटक तक सभी भारतीय UPI से प्रभावित हैं। इससे पेमेंट जल्दी, आसानी से और सुरक्षित तरीके से हो जाता है। हर समय अपने साथ कैश या कार्ड रखने की जरूरत नहीं होती। मोबाइल के एक क्लिक पर बड़े से बड़ा पेमेंट हो जाता है। यह खासियत दुनियाभर के लोगों को आकर्षित कर रही है।
2021 में सबसे पहले भूटान ने इसे अपनाया था। इसके बाद UAE, कतर और फ्रांस ने भी UPI से प्रभावित होकर इसे अपने देश में लॉन्च किया। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) के चेयरमैन आशीष चौहान ने भी कहा था कि जापान और ब्रिटेन सहित कई देशों ने UPI को अपनाने की मंशा जताई है।
National
भारत की पाकिस्तान पर शानदार जीत, महिला टी-20 विश्व कप का धमाकेदार आगाज़
महिला टी-20 विश्व कप 2026 में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने अपने अभियान की शानदार शुरुआत करते हुए पाकिस्तान को 64 रन से हरा दिया। बर्मिंघम में खेले गए ग्रुप-1 के इस मुकाबले में भारत की जीत की नायिका स्मृति मंधाना और दीप्ति शर्मा रहीं। मंधाना ने बल्ले से कमाल दिखाया, जबकि दीप्ति ने गेंद से पाकिस्तानी बल्लेबाजों को पूरी तरह बेअसर कर दिया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत आक्रामक रही। शेफाली वर्मा ने पहली ही गेंद पर छक्का जड़कर अपने इरादे साफ कर दिए, लेकिन वह 6 रन बनाकर आउट हो गईं। इसके बाद जेमिमा रोड्रिग्स भी सिर्फ एक रन बनाकर पवेलियन लौट गईं और भारत ने 18 रन पर दो महत्वपूर्ण विकेट गंवा दिए।
मुश्किल समय में स्मृति मंधाना और कप्तान हरमनप्रीत कौर ने पारी को संभाला। दोनों बल्लेबाजों ने तीसरे विकेट के लिए 91 रन की अहम साझेदारी की। मंधाना ने 44 गेंदों पर 68 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें 9 चौके और 2 छक्के शामिल थे। हरमनप्रीत ने भी संयमित बल्लेबाजी करते हुए टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।
अंतिम ओवरों में ऋचा घोष ने तेजतर्रार बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 17 गेंदों पर 34 रन बनाए। उनकी पारी में 5 चौके और एक छक्का शामिल रहा। दीप्ति शर्मा ने भी नाबाद 12 रन का योगदान दिया, जिसकी बदौलत भारत ने 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 170 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया।
171 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की शुरुआत बेहद खराब रही। भारतीय गेंदबाजों ने शुरुआत से ही दबाव बनाए रखा और लगातार विकेट हासिल करती रहीं। पाकिस्तान की ओर से मुनीबा अली ने कुछ संघर्ष जरूर किया और 41 रन बनाए, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से कोई खास सहयोग नहीं मिला।
भारत की गेंदबाजी की स्टार दीप्ति शर्मा रहीं, जिन्होंने अपने करियर के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शनों में से एक करते हुए 4 ओवर में सिर्फ 10 रन देकर 5 विकेट झटके। उनके साथ श्री चरणी ने भी शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 21 रन देकर 3 विकेट अपने नाम किए। शेफाली वर्मा को भी एक सफलता मिली।
भारतीय गेंदबाजों के सामने पाकिस्तानी टीम पूरे 20 ओवर भी नहीं खेल सकी और 17 ओवर में 106 रन पर ऑलआउट हो गई। इस तरह भारत ने अपने पहले ही मुकाबले में 64 रन की बड़ी जीत दर्ज कर टूर्नामेंट में जोरदार शुरुआत की।
National
फ्रांस पहुंचे PM मोदी, भारतीय समुदाय ने किया भव्य स्वागत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने छह दिवसीय फ्रांस और स्लोवाकिया दौरे के तहत फ्रांस के शहर नीस पहुंच गए हैं। नीस पहुंचने पर भारतीय समुदाय ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने भारतीय समुदाय के लोगों से मुलाकात की, एक बच्चे को गोद में उठाकर स्नेह जताया और सांस्कृतिक कार्यक्रम का आनंद लिया।
आज प्रधानमंत्री मोदी फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। इस बैठक में प्रौद्योगिकी, स्वास्थ्य-तकनीक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), सेमीकंडक्टर और अंतरिक्ष क्षेत्र से जुड़े कई महत्वपूर्ण समझौतों पर चर्चा होने की संभावना है। इसके अलावा ‘इंडिया इनोवेट्स’ कार्यक्रम का उद्घाटन भी किया जाएगा।
भारत और फ्रांस के बीच 114 राफेल लड़ाकू विमानों के संभावित सौदे पर भी अहम चर्चा होगी। भारत इन विमानों में अपने हथियारों और तकनीकी प्रणालियों को जोड़ने के लिए अधिक लचीलापन चाहता है। हालांकि इस सौदे को अभी सुरक्षा मामलों की कैबिनेट समिति (CCS) की अंतिम मंजूरी मिलनी बाकी है।
प्रधानमंत्री का फ्रांस दौरा नीस, एवियन और पेरिस—तीन चरणों में होगा। 16 और 17 जून को वे एवियन में आयोजित G7 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। इस दौरान उनकी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ भी द्विपक्षीय बैठक होने की संभावना है। दोनों नेता लगभग 16 महीने बाद आमने-सामने मिलेंगे।
18 जून को प्रधानमंत्री मोदी राष्ट्रपति मैक्रों के साथ पेरिस में आयोजित VivaTech सम्मेलन में शामिल होंगे। इसके बाद वे स्लोवाकिया जाएंगे, जहां वे प्रधानमंत्री रॉबर्ट फिको और राष्ट्रपति पीटर पेलेग्रिनी से मुलाकात करेंगे। 1993 में स्वतंत्र राष्ट्र बनने के बाद यह किसी भारतीय प्रधानमंत्री की स्लोवाकिया की पहली यात्रा होगी।
इस दौरे के दौरान पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और होर्मुज जलडमरूमध्य से समुद्री यातायात से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा होने की उम्मीद है। वैश्विक सुरक्षा, व्यापार और रणनीतिक सहयोग के लिहाज से प्रधानमंत्री मोदी का यह दौरा भारत के लिए काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
National
लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ होंगे भारतीय सेना के नए प्रमुख, केंद्र सरकार ने किया ऐलान
केंद्र सरकार ने लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ को भारतीय सेना का अगला चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ (COAS) नियुक्त करने की घोषणा कर दी है। वह भारतीय सेना के 31वें सेना प्रमुख के रूप में पदभार संभालेंगे। वर्तमान में वह उप सेना प्रमुख (Vice Chief of Army Staff) के पद पर कार्यरत हैं।
लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ मौजूदा सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी का स्थान लेंगे, जिनका कार्यकाल जून 2026 में समाप्त हो रहा है। जनरल द्विवेदी ने 30 जून 2024 को भारतीय सेना की कमान संभाली थी। नियमों के अनुसार सेना प्रमुख का कार्यकाल तीन वर्ष या 62 वर्ष की आयु तक होता है, जो भी पहले हो।
दिसंबर 1986 में आर्मर्ड कोर में कमीशन प्राप्त करने वाले लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ के पास लगभग चार दशक का व्यापक सैन्य अनुभव है। अपने करियर के दौरान उन्होंने देश के कई महत्वपूर्ण और संवेदनशील क्षेत्रों में सेवाएं दी हैं। उन्होंने रेगिस्तानी इलाकों, जम्मू-कश्मीर और पश्चिमी सीमा पर विभिन्न ऑपरेशनल एवं कमांड जिम्मेदारियां संभाली हैं।
धीरज सेठ उन चुनिंदा अधिकारियों में शामिल हैं जिन्होंने पश्चिमी मोर्चे पर दो महत्वपूर्ण ऑपरेशनल कमांडों का नेतृत्व किया है। इसके अलावा वे दक्षिण-पश्चिमी कमान और दक्षिणी कमान के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ (GOC-in-C) के रूप में भी सेवाएं दे चुके हैं।
उन्होंने संयुक्त राष्ट्र के अंगोला मिशन में भारत का प्रतिनिधित्व किया और सेना मुख्यालय में कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया। सेना की क्षमता विकास, रणनीतिक योजना और आधुनिकीकरण से जुड़े कई अहम प्रोजेक्ट्स में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
शिक्षा और प्रशिक्षण के क्षेत्र में भी धीरज सेठ का रिकॉर्ड बेहद शानदार रहा है। वे राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (NDA) खड़कवासला, भारतीय सैन्य अकादमी (IMA) देहरादून, डिफेंस सर्विसेज स्टाफ कॉलेज (DSSC) वेलिंगटन तथा नेशनल डिफेंस कॉलेज के पूर्व छात्र हैं। उन्होंने जूनियर कमांड कोर्स में प्रथम स्थान प्राप्त किया था और DSSC में सर्वश्रेष्ठ ऑल-राउंड स्टूडेंट ऑफिसर का मेडल भी हासिल किया था।
देश के प्रति उनकी उत्कृष्ट और विशिष्ट सेवाओं को देखते हुए उन्हें परम विशिष्ट सेवा मेडल (PVSM), उत्तम युद्ध सेवा मेडल (UYSM) और अति विशिष्ट सेवा मेडल (AVSM) जैसे उच्च सैन्य सम्मानों से सम्मानित किया जा चुका है।
भारतीय सेना की कमान संभालने जा रहे लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ से उम्मीद की जा रही है कि वे देश की सुरक्षा, सैन्य आधुनिकीकरण और रणनीतिक क्षमता को और अधिक मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
-
Religious3 years agoकब है तुलसी विवाह? इस दिन तुलसी माता का विवाह करने से मिलेगा लाभ
-
Religious3 years agoजानिए गोवर्धन पूजा का महत्व, कौनसा समय रहेगा पूजा के लिए सही
-
Religious3 years agoआखिर क्यों लिखा जाता है घर के बाहर शुभ लाभ, जानिए क्या है इन चिह्न का मतलब
-
Religious3 years agoपैरों के निशान, बनावट, रंग, साइज से पता लागए की आप कितने है भागयशाली
-
Punjab2 years agoपंजाब में अमरूद के बगीचे के मुआवजे के घोटाले में ED ने 26 स्थानों पर छापे मारे
-
Chandigarh2 years agoChandigarh: Top 10 Restaurants. ये लोकप्रिय क्यों हैं ?
-
Punjab2 years agoLudhiana में पुलिस स्टेशन के पास शव मिला। एक आदमी सड़क के बीच में पड़ा था; पास में कपड़ों से भरा एक बोरे भी मिला था, लेकिन उसकी पहचान नहीं हो सकी
-
Religious3 years agoजानिए दीपावली में वाले दिन आखिर कितने जलाने चाहिए दीये ? और क्यों जलाने चाहिए दिये |