National
बेंगलुरु, मुंबई समेत देश के कई शहरों में LPG सिलेंडर का संकट; केंद्र सरकार का आया जवाब
बेंगलुरु, चेन्नई और मुंबई में होटल और रेस्टोरेंट इंडस्ट्री की संस्थाओं ने मिडिल ईस्ट में युद्ध के बीच सप्लाई में रुकावट की वजह से कमर्शियल कुकिंग गैस सिलेंडर की कमी की बात कही है। वहीं, केंद्र ने तेल रिफाइनरियों को लिक्विफाइड पेट्रोलियम गैस (LPG) का प्रोडक्शन बढ़ाने का आदेश दिया है।
इस रुकावट ने मुंबई और बेंगलुरु में कामकाज पर असर डालना शुरू कर दिया है। ईरान पर अमेरिका और इजरायल के हमलों के बाद चल रहे मिडिल ईस्ट संघर्ष की वजह से ग्लोबल सप्लाई में रुकावटों के बीच होटल और रेस्टोरेंट कुकिंग गैस पाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं।
चेन्नई में होटल एसोसिएशन ने जताई चिंता
चेन्नई में होटल एसोसिएशन ने कहा कि स्थिति अब और भी गंभीर हो गई है। एसोसिएशन के अध्यक्ष एम रवि ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लिखे एक लेटर में कहा, “फूड इंडस्ट्री कई अस्पतालों के लिए 24 x 7 काम करती है, जिन्हें समय पर खाना सप्लाई करने की जरूरत होती है। इसके अलावा, आईटी पार्क, कॉलेज हॉस्टल के स्टूडेंट्स, ट्रेन और बिजनेस ट्रैवलर्स सभी पर असर पड़ेगा, अगर कमर्शियल LPG की सप्लाई में रुकावट आती है।”
केंद्र सरकार का आदेश
केंद्रीय मंत्रालय की ओर से एलपीजी कंपनियों को निर्देश दिए गए हैं कि फिलहाल 19, 47.5 व 425 किलोग्राम के व्यावसायिक सिलेंडरों की रिफिलिंग बंद रखी जाए। घरेलू एलपीजी की आपूर्ति को प्राथमिकता देने के उद्देश्य से यह कदम उठाया है।
वहीं, एनआरएआई ने कहा कि कई मीडिया रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया गया कि सरकार ने साफ किया है कि रेस्टोरेंट इंडस्ट्री के लिए कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की सप्लाई पर कोई बैन नहीं है। लेकिन, जमीनी हालात अलग हैं। सप्लायर इसे सप्लाई करने में असमर्थता जता रहे हैं। इससे रेस्टोरेंट इंडस्ट्री और बदले में नागरिकों के लिए जरूरी सर्विस के तौर पर खाने की सप्लाई पर बहुत बुरा असर पड़ रहा है।
पुणे में श्मशान घाट बंद
न्यूज एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, पुणे म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन ने वेस्ट एशिया में चल रहे संघर्ष के बीच प्रोपेन और ब्यूटेन जैसे एलपीजी पार्ट्स के इस्तेमाल पर रोक के बाद शहर के गैस श्मशान घाटों को कुछ समय के लिए बंद कर दिया है।
वहीं, रेस्तरां मालिकों का कहना है कि रविवार से कमर्शियल एलपीजी सप्लाई काफी हद तक बंद हो गई है, जबकि घरेलू सिलेंडर की डिलीवरी में बुकिंग के बाद दो से आठ दिन तक की देरी हो रही है।
कड़े किए गए नियम
मौजूद स्टॉक को बढ़ाने के लिए, तेल कंपनियों ने रीफिल के नियम कड़े कर दिए हैं। कस्टमर अब पिछली डिलीवरी के 21-25 दिन बाद ही नया घरेलू सिलेंडर ऑर्डर कर सकते हैं। डिलीवरी एजेंट्स ने जमाखोरी और दूसरी जगह भेजने से रोकने के लिए ओटीपी या बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन का इस्तेमाल करना भी शुरू कर दिया है। इस बीच, कमर्शियल सप्लाई पर ज्यादा असर पड़ रहा है।
कहां-कहां लगाई गईं पाबंदियां
पंजाब
ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने 8 मार्च को पूरे पंजाब में नॉन-डोमेस्टिक एलपीजी सिलेंडर भेजना रोक दिया। इस रोक में 19 किग्रा. के कमर्शियल पैक और बड़े इंडस्ट्रियल सिलेंडर शामिल हैं। डिस्ट्रीब्यूटर्स को सलाह दी गई है कि वे 25 दिन के समय से पहले किसी भी रिफिल बुकिंग को मना कर दें।
हिमाचल प्रदेश
औद्योगिक क्षेत्र बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ सहित हिमाचल प्रदेश में व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति अनिश्चितकाल के लिए रोक दी गई है। बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ (बीबीएन) देश के प्रमुख औद्योगिक केंद्रों में से एक है। यहां पैकेजिंग, फार्मा, गत्ता निर्माण, फूड प्रोसेसिंग और अन्य कई उद्योगों में प्रतिदिन हजारों व्यावसायिक सिलिंडरों का उपयोग होता है।
इसके साथ ही होटल, रेस्टोरेंट, ढाबों और फूड आउटलेट्स में भी 19 किलो के व्यावसायिक सिलेंडर इस्तेमाल किए जाते हैं। सिलेंडरों की सप्लाई बंद होने से उद्योगों और कारोबारियों के सामने उत्पादन और सेवाएं जारी रखना मुश्किल होता जा रहा है।
उत्तर प्रदेश
यूपी के कानपुर में भी एलपीजी को लेकर ग्राहकों की परेशानी बढ़ने लगी है। ग्राहक एलपीजी की बुकिंग तो करा रहे हैं लेकिन कई दिन बाद भी उनके घर तक सिलिंडर नहीं पहुंच रहा है।
इस बीच एलपीजी की कालाबाजारी भी होने लगी है। जो लोगों एजेंसियों से सिलेंडर नहीं ले पाते हैं, उनको कालाबाजारी करने वाले 1400 से 1500 रुपये में सिलेंडर बेच रहे हैं। वहीं एलपीजी एजेंसियों का कहना है कि पर्याप्त संख्या में सिलेंडर उपलब्ध है।
वहीं, गाजियाबाद में भी व्यवसायिक गैस सिलेंडर में गैस भरने पर रोक लगा दी है। इस संंबंध में सभी गैस एजेंसी संचालकों को गैस कंपनियों की ओर से संदेश भेजा गया है।
झारखंड
झुमरीतिलैया में इंडेन गैस के वितरक रामपाल गैस एजेंसी के मैनेजर राजू अजमानी ने बताया कि कंपनियों द्वारा सॉफ्टवेयर अपडेट कर दिया गया है। नई व्यवस्था के अनुसार अब उपभोक्ता 25 दिन बाद ही अगला सिलिंडर प्राप्त कर सकेंगे।
National
पंजाब: BSF ने बॉर्डर पर एक पाकिस्तानी स्मगलर को मार गिराया, संदिग्ध सामान बरामद
पाकिस्तान की तरफ से ड्रोन और दूसरे तरीकों से हेरोइन स्मगलिंग की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। बीती रात, खेमकरण के बॉर्डर इलाके में बॉर्डर पोस्ट कालिया और नूर वाला के बीच, BSF की 142 बटालियन के जवानों ने बड़ी कार्रवाई की है।
जवानों ने नेशनल बॉर्डर पार करके कंटीली तार के पास आकर हेरोइन स्मगल करने की कोशिश कर रहे एक अनजान पाकिस्तानी घुसपैठिए को गोली मार दी।
संदिग्ध चीजें बरामद
शव के पास से कुछ संदिग्ध चीजें भी मिली हैं, जबकि फायरिंग में कुछ और पाकिस्तानी स्मगलर फरार बताए जा रहे हैं। फिलहाल, संबंधित थाना वल्टोहा की पुलिस ने केस दर्ज करके बॉडी को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पट्टी के सिविल हॉस्पिटल के मुर्दाघर में रखवा दिया है। BSF और पुलिस जांच में जुट गई है।
बता दें कि कुछ दिन पहले ही इसी जगह के पास एक पाकिस्तानी नौजवान को हेरोइन के साथ पकड़ा गया था। बॉर्डर सूत्रों के मुताबिक, बॉर्डर पर ड्रोन मूवमेंट की घटनाएं भी बहुत बढ़ गई हैं और अक्सर बॉर्डर पार से पाकिस्तानी तस्कर गेहूं की फसल से पहले ज्यादा से ज्यादा हेरोइन की तस्करी करने की कोशिश करते हैं।
गौरतलब है कि पाकिस्तान की तरफ से लगातार भारत में घुसपैठ की कोशिश होती रहती है। पाकिस्तानी स्मगलर और आतंकी बॉर्डर पर छिप-छिपाकर घुसपैठ की कोशिश करते रहते हैं लेकिन भारतीय जवानों की मुस्तैदी की वजह से अधिकतर मामलों में पाकिस्तानी आतंकियों की चालें कामयाब नहीं होती और उन्हें बॉर्डर पर ही मुंहतोड़ जवाब दे दिया जाता है।
बता दें कि ऑपरेशन सिंदूर के बाद से पाकिस्तानी आतंकी और उनके आका डरे हुए हैं। वह भारत में दहशत फैलाने की साजिशें रचते रहते हैं लेकिन भारतीय सुरक्षाबलों की वजह से वह अपने नापाक इरादों में कामयाब नहीं हो पाते हैं और हर बार इन्हें भारतीय जवानों की तरफ से मुंहतोड़ जवाब दिया जाता है।
National
“हम छात्रों के साथ हैं” — PU में लाठीचार्ज की MP मलविंदर कंग ने की निंदा
पंजाब यूनिवर्सिटी, चंडीगढ़ में छात्रों के प्रदर्शन के दौरान पुलिस द्वारा लाठीचार्ज किए जाने और कई छात्रों को हिरासत में लेने की घटना ने नया विवाद खड़ा कर दिया है। इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए सांसद मलविंदर कंग ने कड़ी निंदा करते हुए हिरासत में लिए गए छात्रों की तुरंत रिहाई की मांग की है। उन्होंने कहा, “हम इन बहादुर युवा आवाज़ों के साथ मजबूती से खड़े हैं, उनका दर्द हमारा दर्द है।”
MP मलविंदर कंग ने कहा कि ये युवा सिख अपने पवित्र इतिहास, गुरु तेग बहादुर जी और पंज प्यारे से जुड़े तथ्यों के कथित विकृतिकरण के खिलाफ लोकतांत्रिक अधिकार के तहत विरोध कर रहे थे, लेकिन उनसे बातचीत करने की बजाय उन पर लाठियां बरसाई गईं। अपनी आवाज़ उठाने के लिए उन्हें अपराधी बना दिया गया।
उन्होंने कहा कि पंजाब महान सिख विद्वानों और इतिहासकारों की धरती है, जो हमारे इतिहास पर ईमानदारी और प्रमाणिकता के साथ बोलने की क्षमता रखते हैं। बाहरी लोगों को ऐसे विचार थोपने के लिए बुलाने का कोई औचित्य नहीं है, जो हमारी विरासत को गलत तरीके से पेश करते हैं और युवाओं को गुमराह करते हैं।
उन्होंने मांग की कि सभी केस तुरंत वापस लिए जाएं और हिरासत में लिए गए छात्रों को बिना देरी के रिहा किया जाए। उन्होंने दोहराया कि “हम इन बहादुर युवा आवाज़ों के साथ मजबूती से खड़े हैं। उनका दर्द हमारा दर्द है और सम्मान व सच्चाई के लिए उनकी लड़ाई हम सबकी साझा लड़ाई है।”
National
हम सरकारी स्कूलों के शिक्षकों को ट्रेनिंग के लिए विदेश भेज रहे हैं ताकि हमारे बच्चों को पढ़ाई के लिए विदेश न जाना पड़े: CM मान
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि पंजाब दशकों से चले आ रहे राजनीतिक शोषण से विकास, शिक्षा सुधार और लोक कल्याण आधारित शासन के युग की ओर निर्णायक बदलाव का गवाह बन रहा है। उन्होंने जोर देकर कहा कि राज्य के लोग एक बार फिर कांग्रेस और अकाली दल-बीजेपी का सफाया के लिए ‘झाड़ू’ का इस्तेमाल करेंगे, जिन्होंने लोक कल्याण को नजरअंदाज करके बारी-बारी पंजाब पर राज किया।
सीमावर्ती जिला गुरदासपुर के कादियां में 168.44 करोड़ रुपये की 237 ग्रामीण लिंक सड़कों के नवीनीकरण के लिए नींव पत्थर रखने के बाद सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार ग्रामीण बुनियादी ढांचे को मजबूत कर रही है, रोजगार के अवसर पैदा कर रही है और सरकारी स्कूलों की कायाकल्प कर रही है। साथ ही उन्होंने यह भी खुलासा किया कि पिछली सरकारों ने आम लोगों की जरूरतों से ज्यादा कमीशन और सत्ता भोगने की राजनीति को तरजीह दी थी।
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि पिछली सरकारों ने सरकारी स्कूल बंद कर दिए थे और सीमावर्ती क्षेत्रों को अनदेखा किया था, लेकिन पंजाब सरकार नए आधुनिक स्कूल बना रही है, शिक्षकों को ट्रेनिंग के लिए विदेश भेज रही है ताकि पंजाब के बच्चों को शिक्षा के लिए विदेश न जाना पड़े। 1.50 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों को आकर्षित किया जा रहा है जिससे 5.20 लाख नौकरियां पैदा होने की उम्मीद है और पंजाब के हर कोने में विकास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि काहनूँवां को सब-डिवीजन बनाने का फैसला किया है ताकि सभी मुख्य सरकारी दफ्तरों को एक छत के नीचे लाया जा सके।
एक जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इन पार्टियों ने सत्ता की लालसा में हमेशा लोगों को मूर्ख बनाया है। उन्होंने कहा कि इन पार्टियों के पास राज्य की पूंजी लूटने और आम आदमी का शोषण करने के अलावा कोई अन्य एजेंडा नहीं है। भगवंत सिंह मान ने कहा कि उनके लिए राज्य के लोग सबसे ऊपर हैं और राज्य सरकार ने लोगों की भलाई के लिए अभूतपूर्व पहल की हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि माझा क्षेत्र की लंबे समय से प्रतिनिधित्व करने वाले तस्करों ने हमारी पीढ़ियों को बर्बाद कर दिया, जिसके लिए ऐसे लोगों को आने वाली विधानसभा चुनावों में सबक सिखाना चाहिए। उन्होंने कहा कि हम लोग बेकरी के बने बिस्कुट खाते हैं जबकि पहाड़ों के कन्वेंट स्कूलों से पढ़े हुए इन नेताओं ने हमेशा अपने पिता के तस्करी किए सोने के बिस्कुट इस्तेमाल किए हैं। भगवंत सिंह मान ने कहा कि इन नेताओं के पास आम आदमी की सेवा करने का कोई एजेंडा नहीं है और सिर्फ सत्ता हासिल करने की अंधी दौड़ में हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन शाही ठाठ वाले नेताओं का आम लोगों से कोई मेल नहीं है और उनकी कारें, ओवरकोट, अलमारी या कुछ भी हमारे साथ मेल नहीं खाता। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने विधानसभा, राज्यसभा और लोकसभा में इस इलाके का प्रतिनिधित्व किया, उन्होंने कभी भी इसके विकास पर ध्यान नहीं दिया और इसके उलट सड़कों पर टोल स्थापित किए। भगवंत सिंह मान ने कहा कि इन दिग्गज नेताओं का घर भी दो पार्टियों में बंटा हुआ है क्योंकि इन नेताओं के घर पर दो पार्टियों के झंडे लगे हुए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस में हर नेता राज्य का मुखिया बनना चाहता है। उन्होंने कहा कि उनके पास चुनाव में काम करने के लिए आम कार्यकर्ताओं से ज्यादा मुख्यमंत्री के चेहरे ज्यादा हैं। उन्होंने कहा कि इसी कारण उनके चोटी के नेता ने राज्य में हाल ही में समाप्त हुई एक रैली के दौरान इन नेताओं को खुलेआम नजरअंदाज किया। कांग्रेस नेता द्वारा राज्य में सत्ता संभालने के सपने देखने पर चुटकी लेते हुए भगवंत सिंह मान ने कहा कि कांग्रेस पार्टी एक बंटा हुआ घर है जो आंतरिक लड़ाई के कारण ही ढह-ढेर हो जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह बहुत दुख की बात है कि सत्ता के लिए झगड़े करने वाले इन नेताओं को एकजुट करने के लिए आने वाले चोटी के कांग्रेसी नेता को उनका नाम भी उच्चारण नहीं आता। भगवंत सिंह मान ने कहा कि इन कांग्रेसी नेताओं के पास राज्य के विकास के लिए कोई दृष्टिकोण नहीं है और उनका एकमात्र उद्देश्य सत्ता संभालकर पंजाब की दौलत लूटना है लेकिन उनके सपने कभी पूरे नहीं होंगे। उन्होंने कहा कि पहले ये पारंपरिक पार्टियां सत्ता हड़पने के लिए सिर्फ अपनी बारी की प्रतीक्षा करती थीं लेकिन अब झाड़ू इन पार्टियों द्वारा पैदा की गई गंदगी को साफ कर रहा है।
अकाली नेतृत्व पर वार करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन लोगों को अपनी पार्टी की कमेटी बनाने के लिए 11 सदस्य भी नहीं मिल रहे, वे राज्य में 117 सीटें जीतने के सपने देख रहे हैं। भगवंत सिंह मान ने लोगों को याद दिलाया कि इन नेताओं ने राज्य में गैंगस्टरों को संरक्षण दिया है और नशा तस्करों को बचाकर नौजवानों को नशों की दलदल में धकेल दिया। उन्होंने कहा कि अकाली दल चले हुए कारतूसों की पार्टी है जिन्हें लोगों ने बार-बार सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाया है। उन्होंने कहा कि अकाली धर्म का दुरुपयोग कर सकते हैं लेकिन लोग अब इनके झांसे में नहीं आएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अकाली नेतृत्व राज्य के लोगों को गुमराह करने के लिए हवा में महल बना रहा है, लेकिन पंजाबी इनके झांसे में नहीं आएंगे। भगवंत सिंह मान ने कहा कि लोग अकालियों को उनके पापों के लिए कभी माफ नहीं करेंगे और उन्हें फिर सबक सिखाएंगे। उन्होंने कहा कि सुखबीर बादल दावा करते हैं कि राज्य का पूरा विकास उनके कार्यकाल में हुआ है लेकिन वे राज्य में उनके कार्यकाल के दौरान हुई बेअदबी की घटनाओं का जिक्र नहीं करते।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन लोगों ने अपने संकीर्ण स्वार्थों के लिए धर्म का इस्तेमाल करके आम लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंचाई है, जो कि माफ़ी योग्य नहीं है। भगवंत सिंह मान ने कहा कि अकाली उन ताकतों के साथ मिले हुए हैं जो सिख पंथ और पंजाब विरोधी हैं। उन्होंने कहा कि ये नेता सबसे बड़े मौकापरस्त हैं, जो राज्य की चिंता करने की बजाय केवल अपने संकीर्ण हितों की पूर्ति के लिए काम करते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वास्तव में पारंपरिक पार्टियां उनसे ईर्ष्या करती हैं क्योंकि उन्होंने आम लोगों की भलाई को अपना मुख्य एजेंडा बनाया है। उन्होंने कहा कि पहले कांग्रेस और भाजपा बारी-बारी से सत्ता का आनंद लेते थे और एक-दूसरे के हितों की रक्षा करते हुए आपसी मिलीभगत से पंजाब को लूटते थे। भगवंत सिंह मान ने कहा कि वे राज्य को लूटने के लिए अपनी बारी का इंतजार करते रहते थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह गंदी खेल उस समय बंद हो गई जब ‘आप’ ने देश की राजनीति में कदम रखा, लेकिन ये पार्टियां नहीं चाहतीं कि ऐसा हो। उन्होंने कहा कि जो भी भ्रष्टाचार और उनके घिनौने कारनामों के खिलाफ आवाज उठाता है, उसे उनके गुस्से का सामना करना पड़ता है और बिना किसी कारण जेलों में डाल दिया जाता है। भगवंत सिंह मान ने कहा कि ये भ्रष्ट नेता ईमानदार लोगों को निशाना बनाते हैं और उनके खिलाफ झूठे मामले दर्ज कराते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले चार वर्षों में राज्य सरकार द्वारा लोगों की भलाई के लिए बेमिसाल कदम उठाए गए हैं। उन्होंने कहा कि विपक्ष को लोगों की भलाई या उनकी खुशहाली की कोई चिंता नहीं है। उन्होंने कहा कि इन नेताओं का उद्देश्य केवल सत्ता हथियाने तक सीमित है। भगवंत सिंह मान ने कहा कि इन लोगों की खराब और पिछड़ेपन वाली नीतियों ने राज्य के लोगों का भविष्य बर्बाद कर दिया, जिनको दो वक्त की रोटी का इंतज़ाम करने के लिए छोटे-मोटे काम करने पड़ते थे, जबकि इन लोगों ने अपने पूर्वजों द्वारा तस्करी किए गए ‘सोने के बिस्कुटों’ के आधार पर जीवन का आनंद लिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार राज्य के लोगों की भलाई के लिए सरकारी खजाने का पूरी समझदारी से उपयोग कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्य के 90 प्रतिशत से अधिक घरों को मुफ्त बिजली मिल रही है और अब किसानों को भी दिन के समय बिजली मिल रही है। भगवंत सिंह मान ने कहा कि ऐसे समय में जब केंद्र सरकार द्वारा अपने करीबी दोस्तों को देश की संपत्तियां कम कीमतों पर दी जा रही हैं, वहीं दूसरी ओर पंजाब सरकार ने खुद एक निजी थर्मल प्लांट खरीदा और उसका नाम श्री गुरु अमरदास जी के नाम पर रखा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने ‘मुख्यमंत्री मावां-धीयां सत्कार योजना’ शुरू की है, जिसके तहत सामान्य वर्ग की 18 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं को 1000 रुपये प्रति माह और अनुसूचित जाति वर्ग की महिलाओं को 1500 रुपये प्रति माह आर्थिक सहायता के रूप में दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि आम लोगों, खासकर गरीब वर्ग के लिए 1000-1500 रुपये भी एक महत्वपूर्ण राशि है। भगवंत सिंह मान ने कहा कि यह राशि माताओं और बेटियों के सम्मान का प्रतीक है और इस योजना के कारण महिलाओं के चेहरों पर आई मुस्कान उन्हें बेहद संतुष्टि देती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सरकारी स्कूलों में विद्यार्थियों को पढ़ाने के लिए अपनी क्षमता को और बेहतर बनाने हेतु शिक्षकों और प्रिंसिपलों को विदेश भेज रही है। भगवंत सिंह मान ने कहा कि यह बहुत गर्व और संतोष की बात है कि भारत सरकार द्वारा कराए गए नेशनल अचीवमेंट सर्वे में पंजाब ने केरल को भी पीछे छोड़ दिया है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को आर्म्ड फोर्सेज़ प्रिपरेशन, नीट, जेईई, क्लैट और निफ्ट जैसी प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं के लिए विशेष कोचिंग दी जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें यह बताते हुए खुशी हो रही है कि स्कूल ऑफ एमिनेंस और अन्य सरकारी स्कूलों के लगभग 300 विद्यार्थियों ने जेईई मेन्स, जेईई एडवांस्ड और नीट परीक्षाएं पास की हैं। उन्होंने कहा कि किसानों को अब पहली बार खेतों के लिए दिन के समय बिजली मिल रही है, जिससे उनके जीवन में बड़ा बदलाव आया है। भगवंत सिंह मान ने कहा कि एक ओर राज्य सरकार आम आदमी को इतनी सुविधाएं दे रही है, वहीं दूसरी ओर दिल्ली की भाजपा सरकार ने सत्ता में आने के बाद जनता को दी जाने वाली ऐसी सभी सुविधाएं बंद कर दी हैं। उन्होंने कहा कि विपक्षी पार्टियां आम लोगों के हित में कोई भी नीति शुरू करने के खिलाफ हैं और ऐसी नीतियों का हमेशा विरोध करती हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लोगों को व्यापक स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के लिए राज्य सरकार ने मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना शुरू की है, जो देश की अपनी तरह की पहली योजना है और राज्य के हर परिवार को 10 लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज प्रदान करती है। उन्होंने कहा कि यह गर्व और संतोष की बात है कि पंजाब ऐसा व्यापक स्वास्थ्य कवरेज प्रदान करने वाला पहला भारतीय राज्य है, जिसने गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करते हुए जनता पर आर्थिक बोझ को काफी हद तक कम किया है। भगवंत सिंह मान ने कहा कि इस ऐतिहासिक कदम का उद्देश्य राज्य के सभी परिवारों को व्यापक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है।
मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि काहनूवान को एक सब-डिवीजन बनाया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि एक अत्याधुनिक स्टेडियम भी स्थापित किया जाएगा और बंद पड़ी आईटीआई को भी फिर से शुरू किया जाएगा। भगवंत सिंह मान ने कहा कि कादियां और धालीवाल में सीवरेज बिछाने का काम भी समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि माझा क्षेत्र में महाराजा रणजीत सिंह आर्म्ड फोर्सेज़ प्रिपरेटरी अकादमी की तर्ज पर एक प्रशिक्षण केंद्र स्थापित किया जाएगा। भगवंत सिंह मान ने कहा कि धालीवाल वूलन मिल को दोबारा खोलने का मुद्दा भी केंद्र सरकार के समक्ष उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार राज्य में निवेश और औद्योगिक ढांचे को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है और अपने प्रयासों से अब तक 1.50 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त किए हैं, जिनसे युवाओं के लिए 5.20 लाख नए रोजगार के अवसर पैदा हो सकते हैं।
-
Religious2 years agoजानिए गोवर्धन पूजा का महत्व, कौनसा समय रहेगा पूजा के लिए सही
-
Religious2 years agoकब है तुलसी विवाह? इस दिन तुलसी माता का विवाह करने से मिलेगा लाभ
-
Religious2 years agoआखिर क्यों लिखा जाता है घर के बाहर शुभ लाभ, जानिए क्या है इन चिह्न का मतलब
-
Religious2 years agoपैरों के निशान, बनावट, रंग, साइज से पता लागए की आप कितने है भागयशाली
-
Punjab2 years agoपंजाब में अमरूद के बगीचे के मुआवजे के घोटाले में ED ने 26 स्थानों पर छापे मारे
-
Chandigarh2 years agoChandigarh: Top 10 Restaurants. ये लोकप्रिय क्यों हैं ?
-
Punjab2 years agoLudhiana में पुलिस स्टेशन के पास शव मिला। एक आदमी सड़क के बीच में पड़ा था; पास में कपड़ों से भरा एक बोरे भी मिला था, लेकिन उसकी पहचान नहीं हो सकी
-
Punjab2 years agoBJP पंजाब में अपने दम पर लोकसभा चुनाव लड़ेगी, शिअद (SAD) के साथ कोई गठबंधन नहीं: प्रदेश भाजपा प्रमुख सुनील जाखड़