Connect with us

National

देश में शुद्ध पेट्रोल 82 रुपए लीटर मिलना चाहिए, लेकिन सरकार 102 रुपए में दे रही ई-20- केजरीवाल

Published

on

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने देश में 102 रुपए प्रति लीटर बिक रहे ई-20 ब्लेंडेड पेट्रोल की कीमत को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि देश में शुद्ध पेट्रोल 82 रुपए प्रति लीटर मिलना चाहिए, लेकिन सरकार लोगों को 102 रुपए प्रति लीटर ई-20 पेट्रोल दे रही है। अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत 70 डॉलर प्रति बैरल है। इस कीमत पर पेट्रोल बनाने की लागत 42 रुपए बैठ रही है। अगर सारा टैक्स जोड़ दिया जाए तब भी 82 रुपए में शुद्ध पेट्रोल और 70 रुपए में ई-20 मिलना चाहिए। इसी हिसाब से डीजल के दाम भी कम होने चाहिए। 

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पेट्रोल-डीजल के रेट का महंगाई पर सीधा असर पड़ता है। रेट कम होते ही महंगाई कम हो जाएगी। पहले भी तेल कंपनियां 77 हजार करोड़ का मुनाफा कमाई और फिर कमा रही है, लेकिन थोड़े दिन चले युद्ध का बहाना बनाकर जनता की जेब काटी जा रही है।

“आप” मुख्यालय पर प्रेसवार्ता कर अरविंद केजरीवाल ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत 115 डॉलर प्रति बैरल से गिरकर 70 डॉलर प्रति बैरल पर आ गई है। फरवरी, मार्च, अप्रैल और मई में यह कुछ हद तक 115 डॉलर प्रति बैरल थी, लेकिन अब अंतरराष्ट्रीय बाजार में यह 70 डॉलर प्रति बैरल है। दूसरी तरफ, हमारे देश में मई में भी ई-20 पेट्रोल की कीमत 102 डॉलर प्रति लीटर कर दी गई थी और वह अभी भी 102 रुपए प्रति लीटर ही है। उन्होंने कहा कि जब कच्चे तेल की कीमत कम हुई है, तो देश में पेट्रोल की कीमत भी कम होनी चाहिए। हमारी कैलकुलेशन दिखाती है कि देश में अब पेट्रोल की कीमत 82 रुपए प्रति लीटर तक पहुंच जानी चाहिए या उससे भी कम होनी चाहिए। 82 रुपए में ई-20 नहीं, बल्कि प्योर पेट्रोल मिलना चाहिए।

अरविंद केजरीवाल ने बताया कि आज कच्चे तेल की कीमत 70 डॉलर प्रति बैरल है। अगर इसे एक्सचेंज रेट से गुणा करके रुपए में बदला जाए, तो कच्चे तेल की कीमत 42 रुपए प्रति लीटर बैठती है। इसके ऊपर लगने वाले चार्जेस बिना कम किए, पहले जितने ही रखे गए हैं। इनमें रिफाइनिंग, ओएमसी मार्जिन और ट्रांसपोर्ट के 9 रुपए प्रति लीटर, सेंट्रल टैक्स 12 रुपए प्रति लीटर, राज्यों का औसत वैट 25 फीसद (16 रुपए प्रति लीटर) और डीलर कमीशन 3 रुपए प्रति लीटर शामिल है। इन सबको जोड़ दिया जाए, तो देश में 82 रुपए प्रति लीटर के हिसाब से प्योर पेट्रोल मिलना चाहिए। अगर इसे ई-20 कर दिया जाए, तो आज 102 रुपए में मिल रहे पेट्रोल की कीमत 70 रुपए तक आनी चाहिए।

अरविंद केजरीवाल ने आगे कहा कि इसी तरह डीजल की कीमतें भी कम हो सकती हैं। पेट्रोल और डीजल की कीमतें कम होने से महंगाई पर बहुत बड़ी चोट होगी और लोगों को काफी राहत मिलेगी। चूंकि पेट्रोल और डीजल ट्रांसपोर्ट को प्रभावित करते हैं, इसलिए ट्रांसपोर्ट सस्ता होने से सभी चीजों के रेट में कमी आएगी।

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि सरकार यह कह सकती है और हरदीप पुरी के जो बयान हैं कि युद्ध के दौरान तेल कंपनियों को हुए घाटे की भरपाई अब प्रॉफिट करके पूरी करनी पड़ रही है। इनका यह तर्क बिल्कुल गलत है। 2014 से लेकर आज तक अंतरराष्ट्रीय बाजार में छह बार कच्चे तेल की कीमत काफी कम हुई है। इसके बावजूद, सरकार ने देश में पेट्रोल की कीमत नहीं घटाई। जब कच्चे तेल की कीमतें कम होने पर कंपनियों ने बंपर प्रॉफिट कमाया था, तो वे उस पैसे का क्या कर रहे हैं?

अरविंद केजरीवाल ने सवाल उठाया कि क्या उस प्रॉफिट से 3-4 महीने चले युद्ध के दौरान हुए थोड़े बहुत नुकसान की भरपाई नहीं की जा सकती? बताया जा रहा है कि पिछले साल ही तेल कंपनियों को 77 हजार करोड़ रुपए का बंपर प्रॉफिट हुआ है। तेल कंपनियों को पिछले तीन-चार साल से लगातार बंपर प्रॉफिट हो रहा है, तो क्या वे इसका इस्तेमाल नुकसान की भरपाई के लिए नहीं कर सकते?

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि अभी हम लोगों से जो 102 रुपए चार्ज किए जा रहे हैं, वह बहुत ज्यादा है। देश के लोगों की तरफ से मेरी सरकार से मांग है कि वे तुरंत 82 रुपए प्रति लीटर में प्योर पेट्रोल देना शुरू करें और अगर ई-20 देना है तो उसकी कीमत इससे भी कम होनी चाहिए।

Continue Reading
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National

राम मंदिर चढ़ावा मामले में देशव्यापी हस्ताक्षर अभियान चलाएगी ‘आप’

Published

on

आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को घोषणा की कि राम मंदिर में कथित चढ़ावे की चोरी के मामले में दोषियों को कड़ी सजा दिलाने की मांग को लेकर पार्टी देशव्यापी हस्ताक्षर अभियान शुरू करेगी।

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान केजरीवाल ने कहा कि इस मुद्दे पर देश के हर सनातनी और हर नागरिक को एकजुट होकर अपनी आवाज बुलंद करनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार अयोध्या के राम मंदिर में कथित चढ़ावे की चोरी के लिए जिम्मेदार लोगों को बचाने की कोशिश कर रही है।

केजरीवाल ने कहा, “हर सनातनी का फर्ज है कि वह राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी के लिए जिम्मेदार लोगों को कड़ी सजा दिलाने के लिए आवाज उठाए। हम एक हस्ताक्षर अभियान शुरू करेंगे, जिसमें हर नागरिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम एक पत्र पर हस्ताक्षर कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करेगा।”

उन्होंने बताया कि यह अभियान रविवार को दिल्ली के रोहिणी स्थित जापानी पार्क में आयोजित होने वाले “सुंदरकांड” पाठ के दौरान शुरू किया जाएगा। उन्होंने लोगों से बड़ी संख्या में इस अभियान से जुड़ने की अपील भी की।

इस मामले को लेकर विपक्ष भी लगातार राम मंदिर की दान प्रबंधन प्रणाली में कथित वित्तीय अनियमितताओं की न्यायिक जांच की मांग कर रहा है।

यह विवाद 7 जून को उस समय शुरू हुआ था, जब समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने राम मंदिर में आए चढ़ावे में गबन का आरोप लगाया था। हालांकि, उस समय मंदिर ट्रस्ट के तत्कालीन महासचिव चंपत राय ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा था कि आंतरिक ऑडिट में किसी भी तरह की बड़ी गड़बड़ी सामने नहीं आई।

इसके बाद उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा गठित विशेष जांच दल (SIT) की प्रारंभिक रिपोर्ट के आधार पर आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया। बाद में चंपत राय ने भी श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव पद से इस्तीफा दे दिया।

अब इस मामले को लेकर सियासत तेज हो गई है। एक ओर आम आदमी पार्टी दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रही है, वहीं दूसरी ओर विपक्ष भी इस मामले की पारदर्शी जांच की मांग पर अड़ा हुआ है।

Continue Reading

National

केजरीवाल की देश की 29 ऑटो निर्माता कंपनियों को चिट्ठी, ‘‘क्या पुरानी गाड़ियों में ई-20 का इस्तेमाल सुरक्षित है?

Published

on

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने देश की 29 ऑटो निर्माता कंपनियों को चिट्ठी लिखकर एक सप्ताह में स्पष्ट करने की मांग की है कि क्या पुरानी गाड़ियों में ई-20 (20 फीसद एथेनॉल ब्लेंडेड पेट्रोल) के इस्तेमाल सुरक्षित है? उन्होंने सरकारी प्रेस कांफ्रेंस में पुरानी गाड़ियों में ई-20 का इस्तेमाल सुरक्षित होने का दावा करने वाली टोयोटा, हीरो और मारूति को अलग चिट्ठी लिखी है। इसमें उन्होंने पूछा है कि आपका ओनर मैनुअल तो पुरानी गाड़ियों में किसी भी हाल में 10 फीसद एथेनॉल ब्लेंडेड पेट्रोल की अनुमति नहीं देता है। ऐसे में तीनों कंपनियां देश को लिखित में बताएं कि क्या पुरानी गाड़ियों में ई-20 सुरक्षित है और क्या माइलेज 4-5 फीसद ही कम होती है। साथ ही, क्या गाड़ी की माइलेज 5-10 फीसद से ज्यादा कम हुई या कोई कंपोनेंट खराब हुआ तो तीनों कंपनियां उपभोक्ता को हर्जाना देंगी?

अरविंद केजरीवाल ने दूसरी चिट्ठी 26 अन्य कंपनियों को लिखी है और इनसे साफ करने को कहा कि क्या आपकी पुरानी गाड़ियों में ई-20 का इस्तेमाल संभव है? इसके इस्तेमाल से गाड़ी की कितनी माइजेल गिरेगी और कितना नुकसान होगा? क्या किसी गाड़ी की माइलेज घटने या कोई कंपोनेंट खराब होने पर ऑटो कंपनियां उपभोक्ता को मुआवजा देंगी? साथ ही उन्होंने कहा कि गुरुवार को मैं ई-20 पेट्रोल को लेकर उपभोक्ताओं राय जानने के लिए कुछ पेट्रोल पंपों, सर्विस सेंटर और मैकेनिक के पास जाऊंगा।

बुधवार को “आप” मुख्यालय पर पार्टी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष के साथ प्रेसवार्ता कर अरविंद केजरीवाल ने कहा कि मंगलवार को मैंने कहा था कि देश के सभी पेट्रोल बेस्ड टू-व्हीलर और फोर-व्हीलर बनाने वाले ऑटो मैन्युफैक्चरर कंपनियों को मैं चिट्ठी लिखकर बोलूंगा कि वे अपना स्टैंड क्लियर करें कि क्या उनकी पुरानी गाड़ियों में ई-20 का इस्तेमाल किया जा सकता है? बुधवार को मैं 29 ऑटो मैन्युफैक्चरर कंपनियों को चिट्ठी लिख रहा हूं।

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि 29 में से तीन कंपनियों को अलग चिट्ठी लिखी है और बाकी 26 को कंपनियों को अलग लिखी है। ये तीन कंपनियां मारुति, टोयोटा किर्लाेस्कर और हीरो हैं, जिन्होंने 4 जुलाई को सरकारी प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा था कि अगर पुरानी गाड़ियों में ई-20 इस्तेमाल किया जाए, तो सुरक्षित है। सिर्फ गाड़ी की थोड़ी सी माइलेज गिरती है, तीन-चार या 5 फीसद, लेकिन गाड़ी को कोई नुकसान नहीं होता। इसलिए इन कंपनियों को अलग से चिट्ठी लिखी गई है।

अरविंद केजरीवाल बताया कि टोयोटा, मारुति और हीरो को लिखी चिट्ठी में कहा है कि आपने 4 जुलाई को सरकारी प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा था कि पुरानी गाड़ियों में ई-20 का इस्तेमाल किया जा सकता है, 4-5 फीसद माइलेज कम होती है, लेकिन गाड़ी को नुकसान नहीं होता। लेकिन आपको ओनर मैनुअल कहता है कि किसी भी हालत में 2023 से पहले बनी पुरानी गाड़ियों में 10 फीसद से ज्यादा एथेनॉल ब्लेंडेड पेट्रोल का इस्तेमाल नहीं होना चाहिए। इन दोनों स्थितियों में विरोधाभास है। इन कंपनियों की ओर से जारी ओनर मैनुअल, जो कंज्यूमर और कंपनी बीच एक एग्रीमेंट होता है, वह कुछ और कहता है और कंपनियों के प्रतिनिधि सरकारी प्रेस कॉन्फ्रेंस में जाकर कुछ और कहते हैं।

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि यह कोई मामूली भूल या विसंगति नहीं है। इन कंपनियों की वास्तविक स्थिति क्या है, वे इसे लिखित में देश के सामने सार्वजनिक करें। चिट्ठी मिलने के एक हफ्ते के अंदर ये कंपनियां स्पष्ट जवाब दें कि क्या पुरानी गाड़ियों में ई-20 पेट्रोल इस्तेमाल किया जा सकता है? क्या उसकी वजह से केवल 4-5 फीसद ही माइलेज कम होती है और क्या उसकी वजह से गाड़ी को कोई नुकसान नहीं होता? अगर ऐसा है तो उनसे दो प्रश्न पूछे गए हैं कि अगर किसी का 5 से 10 फीसद से ज्यादा माइलेज कम हुआ, तो क्या वे उस कंज्यूमर को मुआवजा देंगे? अगर ई-20 इस्तेमाल करने से किसी कंपोनेंट को नुकसान हुआ, तो क्या उस उपभोक्ता को कंपोनेंट का हर्जाना दिया जाएगा?

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि 26 अन्य कंपनियों को एक सामान्य चिट्ठी लिखी है। इसमें लिखा है कि उनके प्रोडक्ट को कई लोग इस्तेमाल करते हैं। तो वे अपना स्टैंड क्लियर करें। क्योंकि इस समय ई-20 को लेकर काफी विवाद चल रहा है। वे अपना स्टैंड क्लियर करें कि क्या उनकी 2023 से पहले की पुरानी गाड़ियों में ई-20 का इस्तेमाल किया जा सकता है? क्या उसकी वजह से माइलेज कम होगी? कम होगी तो कितनी होगी और क्या उसकी वजह से कोई नुकसान होगा?

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि अगर ये कंपनियां कहती हैं कि ई-20 सुरक्षित है, तो क्या माइलेज में कमी के नुकसान की वे भरपाई करेंगी और क्या कंपोनेंट के नुकसान की वे भरपाई करेंगी? मैं उम्मीद करता हूं कि सारी कंपनियां इसका जवाब देंगी क्योंकि यह सभी कंज्यूमर के लिए बहुत गंभीर मामला है। मुझे उम्मीद है कि एक हफ्ते के अंदर सभी कंपनियां इसका जवाब दें, क्योंकि सबके ओनर मैनुअल कुछ कहते हैं और सार्वजनिक रूप से कुछ कंपनियों ने कुछ और कहा है।

अरविंद केजरीवाल ने बताया कि गुरुवार को मैं कुछ पेट्रोल पंप, सर्विस सेंटर और कुछ मिस्त्रियों के यहां जाऊंगा। मैं लोगों से बात करूंगा कि वे क्या कहते हैं। सरकार तो जिद्द पर अड़ी हुई है कि वह ई-20 सबके ऊपर थोपेगी। सरकार कहती है कि यह सुरक्षित है, इससे कुछ नहीं होता, थोड़ी बहुत माइलेज कम होती है और इसकी वजह से कोई नुकसान नहीं हो रहा। लेकिन जनता क्या कह रही है, जनता का क्या अनुभव है?

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि बीच में ये लोग जनता को एंटी-नेशनल कहना शुरू कर देते हैं, कोई लॉबिंग कहना चालू कर देते हैं। अब तो ये देख रहे हैं कि इनके ही अपने बड़े-बड़े ब्लॉगर और बड़े-बड़े इन्फ्लुएंसर सोशल मीडिया पर इन्हें गालियां दे रहे हैं। इस तरह 140 करोड़ जनता को एंटी-नेशनल और आतंकवादी बोलना सही नहीं है। जब जनता अक्रॉस पार्टी लाइन दुखी है, तो एक जिम्मेदार सरकार की जिम्मेदारी है कि वह जनता की आवाज को सुने। इनका यह फैसला विज्ञान, तर्क और इंजीनियरिंग के खिलाफ है। जाहिर तौर पर यह पब्लिक इंटरेस्ट में तो नहीं है। यह किसके इंटरेस्ट में है, यह अभी हम लोगों को समझ नहीं आ रहा है।

Continue Reading

National

पंजाब के प्रभसिमरन सिंह को पहली बार टीम इंडिया के टी-20 स्क्वॉड में मिली जगह, जिम्बाब्वे दौरे के लिए चयन

Published

on

पंजाब के युवा बल्लेबाज प्रभसिमरन सिंह के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। शानदार घरेलू प्रदर्शन का इनाम देते हुए उन्हें पहली बार भारतीय सीनियर टी-20 टीम में जगह मिली है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की चयन समिति ने इस महीने जिम्बाब्वे दौरे के लिए तीन मैचों की टी-20 सीरीज हेतु टीम का ऐलान कर दिया है, जिसमें प्रभसिमरन सिंह को शामिल किया गया है। वहीं, विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन को टीम में जगह नहीं मिली है।

अजीत अगरकर की अध्यक्षता वाली चयन समिति ने सोमवार को टीम की घोषणा की। प्रभसिमरन सिंह को घरेलू क्रिकेट और टी-20 मुकाबलों में लगातार बेहतरीन प्रदर्शन का इनाम मिला है। उनके अलावा तेज गेंदबाज यश ठाकुर और आशीष शर्मा (यदि आधिकारिक सूची में यही नाम है) को भी पहली बार भारतीय सीनियर टीम में मौका मिला है, जबकि तेज गेंदबाज मयंक यादव की लंबे समय बाद टीम में वापसी हुई है।

भारत और जिम्बाब्वे के बीच तीन टी-20 मुकाबले 23, 25 और 27 जुलाई को हरारे में खेले जाएंगे। इस सीरीज में श्रेयस अय्यर टीम की कप्तानी करेंगे, जबकि तिलक वर्मा को उपकप्तान बनाया गया है।

संजू सैमसन को टीम से बाहर किए जाने की वजह उनकी हालिया खराब फॉर्म मानी जा रही है। आयरलैंड के खिलाफ टी-20 सीरीज और इंग्लैंड के खिलाफ पहले टी-20 मुकाबले में वह उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सके। इसी कारण इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टी-20 मैच में भी उनकी जगह युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को मौका दिया गया था।

चयनकर्ताओं ने जिम्बाब्वे दौरे की टीम के साथ-साथ इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली वनडे सीरीज के लिए भी एक बदलाव किया है। चोटिल नितीश कुमार रेड्डी की जगह ऑलराउंडर शिवम दुबे को भारतीय टीम में शामिल किया गया है।

जिम्बाब्वे टी-20 सीरीज के लिए भारतीय टीम में श्रेयस अय्यर (कप्तान), वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा (उपकप्तान), ईशान किशन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, सूर्यांश शेडगे, रिंकू सिंह, हर्ष दुबे, वरुण चक्रवर्ती, प्रिंस यादव, यश ठाकुर, आशीष शर्मा, मयंक यादव और प्रभसिमरन सिंह को जगह दी गई है।

वहीं इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में शुभमन गिल कप्तानी करेंगे। टीम में रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल, ईशान किशन, वॉशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, गुरनूर बराड़ और शिवम दुबे भी शामिल हैं।

Continue Reading

Trending