Connect with us

Punjab

धान सीजन के बीच खाद को लेकर BJP की चिंता, केवल सिंह ढिल्लों ने जेपी नड्डा को लिखा पत्र

Published

on

पंजाब में धान की बुआई के सीजन के दौरान किसानों को खाद की कमी का सामना न करना पड़े, इसके लिए भाजपा पंजाब अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने केंद्रीय रसायन एवं उर्वरक मंत्री जेपी नड्डा को पत्र लिखकर डीएपी और यूरिया की पर्याप्त एवं समय पर आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है।

अपने पत्र में केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि पंजाब में धान की रोपाई तेजी से चल रही है और जून-जुलाई के दौरान खाद की मांग सबसे अधिक रहती है। ऐसे में किसानों की जरूरतों को देखते हुए डीएपी और यूरिया की निर्बाध आपूर्ति बेहद जरूरी है।

उन्होंने बताया कि 6 जून को केंद्रीय मंत्री के साथ हुई बैठक में भी इस मुद्दे पर विस्तार से चर्चा की गई थी। हालांकि केंद्र सरकार पहले से पंजाब को आवश्यक खाद उपलब्ध करा रही है, लेकिन बढ़ती मांग को देखते हुए अतिरिक्त व्यवस्था किए जाने की आवश्यकता है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि खाद की कमी होने पर किसानों को सहकारी समितियों और बिक्री केंद्रों के बाहर लंबी कतारों में खड़ा होना पड़ता है। इससे बुआई प्रभावित होती है और फसल उत्पादन पर भी नकारात्मक असर पड़ सकता है।

उन्होंने यह भी कहा कि खाद की कमी का फायदा उठाकर कुछ तत्व जमाखोरी और कालाबाजारी करते हैं, जिससे किसानों को निर्धारित कीमत से अधिक दाम पर खाद खरीदनी पड़ती है और उन पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ता है।

केवल सिंह ढिल्लों ने केंद्र सरकार से पंजाब के लिए डीएपी का अतिरिक्त कोटा जारी करने और 2 से 3 लाख मीट्रिक टन का बफर स्टॉक पहले से तैयार रखने की मांग की है। साथ ही उन्होंने यूरिया की आपूर्ति के लिए मासिक शेड्यूल तैयार कर पंजाब सरकार के साथ साझा करने का सुझाव भी दिया।

उन्होंने केंद्र सरकार, इफको, एनएफएल और पंजाब सरकार के बीच रियल-टाइम मॉनिटरिंग सिस्टम स्थापित करने की भी मांग की, ताकि खाद की उपलब्धता पर लगातार नजर रखी जा सके और कृत्रिम कमी पैदा करने वालों पर कार्रवाई हो सके।

पत्र के अंत में ढिल्लों ने कहा कि पंजाब देश का अन्न भंडार है और राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा में महत्वपूर्ण योगदान देता है। इसलिए खाद वितरण के मौजूदा फॉर्मूले की समीक्षा कर राज्य को उसकी वास्तविक जरूरत के अनुसार अधिक कोटा दिया जाना चाहिए।

Continue Reading
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Punjab

48 घंटे बारिश-तूफान का ऑरेंज अलर्ट, 60 किमी की रफ्तार से चलेगी आंधी

Published

on

पंजाब में भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों के लिए राहत भरी खबर है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के लिए राज्य के अधिकांश जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार 11 और 12 जून को कई इलाकों में तेज हवाएं, गरज-चमक और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इस दौरान 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चल सकती है, जिससे तापमान में गिरावट आने के आसार हैं।

बुधवार को पंजाब का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 4.4 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया। राज्य में सबसे अधिक तापमान बठिंडा में 46.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा लुधियाना और पटियाला में 43.6 डिग्री, फिरोजपुर में 43.3 डिग्री, अमृतसर में 43.2 डिग्री, चंडीगढ़ और फाजिल्का में 42 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। लगातार बढ़ती गर्मी के कारण लोगों को दिन के समय घरों से बाहर निकलने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टर्बेंस) के सक्रिय होने से आज से मौसम का मिजाज बदलना शुरू हो जाएगा। 11 जून को पूरे पंजाब में गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाओं को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं 12 जून को भी अधिकांश जिलों में येलो अलर्ट रहेगा और मौसम गतिविधियां जारी रहने की संभावना है।

13 जून से मौसम में कुछ सुधार देखने को मिल सकता है। हालांकि कुछ जिलों में हल्की बारिश और तेज हवाओं की संभावना बनी रहेगी। 14 जून को भी सीमावर्ती और दक्षिण-पश्चिमी जिलों में मौसम सक्रिय रह सकता है। मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि यदि अगले कुछ दिनों में अच्छी बारिश होती है तो तापमान में 5 से 8 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से काफी राहत मिलेगी।

Continue Reading

Punjab

मोगा को मिली नई मेयर, AAP की विनयपाल कौर संभालेंगी शहर की कमान

Published

on

मोगा नगर निगम में आम आदमी पार्टी ने मेयर पद पर कब्जा जमाते हुए अपनी पार्षद विनयपाल कौर को नया मेयर चुना है। इस बार पंजाब सरकार द्वारा मेयर का पद पिछड़ा वर्ग (बीसी) के लिए आरक्षित किया गया था, जिसके तहत विनयपाल कौर को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है।

मेयर चुनाव प्रक्रिया के दौरान पंजाब के कैबिनेट मंत्री तरुणप्रीत सिंह सौंद विशेष रूप से मोगा पहुंचे। चुनाव विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा और जिला प्रशासन के अधिकारियों की मौजूदगी में संपन्न हुआ।

गौरतलब है कि नगर निगम चुनाव में आम आदमी पार्टी ने 50 में से 30 वार्ड जीतकर स्पष्ट बहुमत हासिल किया था। विनयपाल कौर ने पहली बार राजनीति में कदम रखते हुए वार्ड नंबर 8 से चुनाव लड़ा था और जीत दर्ज की थी। अब वह मोगा की पहली नागरिक के रूप में शहर की कमान संभालेंगी।

44 वर्षीय विनयपाल कौर ने मेडिसिन में बीएससी तथा शिमला विश्वविद्यालय से पीजीडीसीए की डिग्री प्राप्त की है। दो बच्चों की मां विनयपाल कौर का परिवार पहले सक्रिय राजनीति से दूर रहा है। चुनाव में उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 228 वोटों के अंतर से हराया था।

मेयर बनने के बाद विनयपाल कौर ने कहा कि उनकी प्राथमिकता शहर के विकास, सफाई व्यवस्था, बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान पर रहेगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि मोगा को एक बेहतर और आधुनिक शहर बनाने के लिए पूरी ईमानदारी से काम किया जाएगा।

आम आदमी पार्टी के नेताओं ने इस जीत को जनता के विश्वास की जीत बताते हुए कहा कि नई मेयर के नेतृत्व में शहर के विकास कार्यों को और गति दी जाएगी।

Continue Reading

Punjab

हरदीप सिंह मुंडियां ने 48 ज़िला सिस्टम मैनेजरों और सहायक सिस्टम मैनेजरों को नियुक्ति पत्र सौंपे

Published

on

मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार की राज्य के युवाओं के लिए रोज़गार के अवसर सृजित करने की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए पंजाब के राजस्व, पुनर्वास एवं आपदा प्रबंधन मंत्री स. हरदीप सिंह मुंडियां ने आज पंजाब भवन में 48 ज़िला सिस्टम मैनेजरों और सहायक सिस्टम मैनेजरों को नियुक्ति पत्र वितरित किए।

नियुक्ति पत्र सौंपने के बाद चयनित उम्मीदवारों को बधाई देते हुए कैबिनेट मंत्री ने कहा कि मान सरकार द्वारा राज्य के युवाओं को पूर्ण पारदर्शिता और केवल योग्यता के आधार पर सरकारी नौकरियां प्रदान करने के लिए भर्ती अभियान चलाया जा रहा है तथा इन उम्मीदवारों की भर्ती से संबंधित सभी प्रक्रियाएं रिकॉर्ड समय में पूरी की गई हैं।

उन्होंने बताया कि पंजाब लैंड रिकॉर्ड्स सोसायटी द्वारा 15 अप्रैल, 2025 को ज़िला सिस्टम मैनेजर (डीएसएम) और सहायक सिस्टम मैनेजर (एएसएम) के पदों के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए थे। पारदर्शी चयन प्रक्रिया के उपरांत ज़िला सिस्टम मैनेजर के पदों के लिए 11 उम्मीदवारों तथा सहायक सिस्टम मैनेजर के पदों के लिए 37 उम्मीदवारों का चयन किया गया।

उल्लेखनीय है कि सभी चयनित उम्मीदवार जालंधर स्थित डायरेक्टर लैंड रिकॉर्ड्स कार्यालय में दो माह के प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग लेंगे। इस प्रशिक्षण में एक माह का राजस्व प्रशिक्षण तथा एक माह का फील्ड प्रशिक्षण शामिल होगा, जिससे उन्हें दक्ष सेवाएं प्रदान करने हेतु आवश्यक व्यावसायिक कौशल और क्षेत्रीय अनुभव प्राप्त हो सके। राजस्व मंत्री ने कहा कि यह भर्ती योग्य मानव संसाधन के माध्यम से जनसेवाएं उपलब्ध कराने के राज्य सरकार के प्रयासों में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगी।

मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान के दूरदर्शी नेतृत्व की सराहना करते हुए स. हरदीप सिंह मुंडियां ने कहा कि मान सरकार ने युवाओं के सशक्तिकरण और रोज़गार सृजन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। उन्होंने कहा, “राज्य में पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से अब तक 66,000 से अधिक सरकारी नौकरियां प्रदान की जा चुकी हैं, जिससे युवाओं का सरकारी तंत्र पर विश्वास पुनः स्थापित हुआ है।”

कैबिनेट मंत्री ने नव-नियुक्त अधिकारियों से अपने दायित्वों का निर्वहन समर्पण, ईमानदारी और पेशेवर तरीके से करने का आह्वान किया तथा भूमि अभिलेख प्रशासन के आधुनिकीकरण और नागरिक-केंद्रित सेवाओं को और मज़बूत बनाने में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने अधिकारियों को पूरी ईमानदारी, समर्पण और लोकसेवा की भावना से कार्य करने तथा किसी भी प्रकार के भ्रामक प्रभाव या दबाव से दूर रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि एक महत्वपूर्ण जनसेवा व्यवस्था का हिस्सा होने के नाते उन्हें पूर्ण निष्ठा के साथ अपनी ज़िम्मेदारी निभानी चाहिए और राज्य सरकार के “रंगला पंजाब” के विज़न को साकार करने में सक्रिय भागीदार बनना चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी अधिकारी की प्रतिष्ठा उसके व्यवहार और कर्तव्यनिष्ठा से बनती है, इसलिए सभी को उच्च पेशेवर मानकों को बनाए रखते हुए प्रत्येक ज़िम्मेदारी को ईमानदारी और जवाबदेही के साथ निभाना चाहिए।

अतिरिक्त मुख्य सचिव-सह-वित्त आयुक्त (राजस्व) श्री अनुराग वर्मा ने नव-नियुक्त कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि उनका चयन बिना किसी सिफारिश या प्रभाव के केवल योग्यता और पारदर्शिता के आधार पर किया गया है। उन्होंने कहा कि कृषि प्रधान राज्य होने के कारण पंजाब का भूमि एवं भूमि संबंधी सेवाओं से गहरा संबंध है, जिससे राजस्व विभाग में डीएसएम और एएसएम की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण हो जाती है। उन्होंने बताया कि राज्यभर के भूमि अभिलेखों का डिजिटलीकरण किया जा चुका है और आधुनिक तकनीकी प्रणालियों के माध्यम से इन अभिलेखों का रखरखाव, अद्यतन और प्रबंधन मुख्य रूप से इन अधिकारियों की ज़िम्मेदारी होगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नव-नियुक्त अधिकारी अपनी तकनीकी दक्षता, समर्पण और ईमानदारी के बल पर प्रभावी जनसेवाएं प्रदान करेंगे तथा राज्य की डिजिटल भूमि अभिलेख प्रबंधन प्रणाली को और सुदृढ़ बनाएंगे।

समारोह के दौरान विशेष सचिव-सह-डायरेक्टर लैंड रिकॉर्ड्स श्री परमवीर सिंह सहित राजस्व विभाग, पंजाब लैंड रिकॉर्ड्स सोसायटी और डायरेक्टर लैंड रिकॉर्ड्स कार्यालय के अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।

Continue Reading

Trending