Connect with us

Punjab

अमृतसर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 7 पिस्तौल और हेरोइन समेत आरोपी गिरफ्तार

Published

on

अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने नशे और अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतरराष्ट्रीय मॉड्यूल का पर्दाफाश किया है। इस ऑपरेशन के दौरान पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 7 आधुनिक पिस्तौल और 2.1 किलो हेरोइन बरामद की है। इस संबंध में जानकारी पंजाब के डीजीपी गौरव यादव द्वारा साझा की गई।

डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि यह कार्रवाई अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस द्वारा खुफिया जानकारी के आधार पर की गई। शुरुआती जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी विदेश आधारित तस्करों के सीधे संपर्क में था और वर्चुअल नंबरों के जरिए उनसे बातचीत करता था।

जांच के मुताबिक आरोपी पंजाब में नशीले पदार्थों और अवैध हथियारों की खेप प्राप्त कर आगे सप्लाई करने का काम कर रहा था। पुलिस को शक है कि यह मॉड्यूल सीमा पार से संचालित किया जा रहा था और इसके संबंध अन्य राज्यों और विदेशों से भी हो सकते हैं।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना सी-डिवीजन अमृतसर में मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपी के आगे और पीछे के लिंक खंगाल रही है ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य साथियों की पहचान कर उन्हें भी गिरफ्तार किया जा सके।

डीजीपी गौरव यादव ने कहा कि पंजाब पुलिस राज्य में नशे और अवैध हथियारों के नेटवर्क को खत्म करने के लिए लगातार कार्रवाई कर रही है और ऐसे तत्वों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

Punjab

परिवार सहित तख्त श्री पटना साहिब पहुंचे मुख्यमंत्री भगवंत मान, की अरदास

Published

on

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान आज अपने परिवार सहित तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब में मत्था टेकने के लिए पटना पहुंचे। इस दौरान उनके साथ उनकी पत्नी डॉ. गुरप्रीत कौर, माता जी और छोटी बेटी भी मौजूद रहीं। पटना एयरपोर्ट पर तख्त पटना साहिब प्रबंधक कमेटी के प्रधान जगजोत सिंह सोही, महासचिव इंद्रजीत सिंह, उप प्रधान गुरविंदर सिंह, प्रवक्ता सुदीप सिंह, हरदेव सिंह सोही, मनविंदर सिंह, सुपरिंटेंडेंट दलजीत सिंह और मैनेजर हरजीत सिंह द्वारा फूलों के गुलदस्ते भेंट कर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया।

तख्त श्री पटना साहिब पहुंचकर मुख्यमंत्री भगवंत मान ने परिवार सहित मत्था टेका और गुरु घर का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस मौके जत्थेदार ज्ञानी बलदेव सिंह द्वारा उन्हें सिरोपा भेंट कर सम्मानित किया गया। सीएम मान ने परिवार सहित कीर्तन श्रवण किया और दसवें पातशाह श्री गुरु गोबिंद सिंह जी महाराज तथा माता साहिब कौर जी के जोड़ा साहिब के दर्शन भी किए। उन्होंने पंजाब की खुशहाली, तरक्की और लोगों की चढ़दी कला के लिए अरदास की।

इस दौरान तख्त पटना साहिब प्रबंधक कमेटी द्वारा मुख्यमंत्री को यादगारी चिन्ह और कृपाण भेंट की गई। साथ ही उन्होंने तख्त साहिब की मैगजीन “गोबिंद प्रकाश” के मई महीने के अंक का विमोचन भी किया।

तख्त साहिब के बाद मुख्यमंत्री भगवंत मान परिवार सहित गुरुद्वारा गुरु का बाग भी पहुंचे, जहां उन्होंने गुरु महाराज का शुक्राना किया और पौधा लगाया। परिवार की ओर से यह भी बताया गया कि उनका विश्वास है कि इसी पवित्र स्थान पर अरदास करने के बाद उन्हें बेटी का आशीर्वाद प्राप्त हुआ था। इसलिए उन्होंने दोबारा गुरु घर का धन्यवाद किया और यादगार के रूप में पौधा लगाया।

इसके बाद सीएम मान गुरुद्वारा बाल लीला साहिब में भी मत्था टेकने पहुंचे। यहां कार सेवा वाले बाबा भूरी जी के प्रमुख बाबा गुरविंदर सिंह द्वारा उनका सम्मान किया गया।

मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि यह उनके लिए बहुत बड़ा सौभाग्य है कि उन्हें एक बार फिर तख्त श्री पटना साहिब में मत्था टेकने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी वह और उनका परिवार यहां मत्था टेक चुका है।

सीएम मान ने तख्त साहिब के प्रबंध, लंगर सेवा और सफाई व्यवस्था की खुलकर प्रशंसा की। खास तौर पर प्रबंधक कमेटी के प्रधान जगजोत सिंह सोही की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि गुरु घर की सेवा और प्रबंधन संभालना बहुत बड़ी जिम्मेदारी होती है और कमेटी इस जिम्मेदारी को बेहद अच्छे तरीके से निभा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि पंजाब से आने वाली संगत भी तख्त पटना साहिब के प्रबंधों की लगातार प्रशंसा करती है।

Continue Reading

Punjab

पंजाब में बढ़ेगी गर्मी की मार, कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी

Published

on

पंजाब में गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है और आने वाले दिनों में लोगों को तेज हीटवेव का सामना करना पड़ सकता है। मौसम विभाग चंडीगढ़ द्वारा जारी ताजा बुलेटिन के मुताबिक 18 मई से 23 मई तक पंजाब के कई जिलों में हीटवेव को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग के अनुसार अगले छह दिनों तक राज्य में मौसम पूरी तरह शुष्क रहेगा और तेज धूप के कारण दिन के तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी। खासकर दोपहर के समय घर से बाहर निकलना लोगों के लिए मुश्किल हो सकता है। विभाग ने फाजिल्का, फरीदकोट, श्री मुक्तसर साहिब, बठिंडा और मानसा के लिए येलो हीटवेव अलर्ट जारी किया है।

तापमान की बात करें तो बठिंडा पंजाब का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 43.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पठानकोट में तापमान में सबसे अधिक 3.2 डिग्री की बढ़ोतरी रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा अमृतसर में 1.7 डिग्री, लुधियाना में 1.8 डिग्री, पटियाला में 1.2 डिग्री, बठिंडा में 0.6 डिग्री और फाजिल्का में 0.5 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। हालांकि फरीदकोट में 0.7 डिग्री की गिरावट भी देखने को मिली।

मौसम विभाग के मुताबिक 19 मई को फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, श्री मुक्तसर साहिब, मोगा, बठिंडा, लुधियाना, बरनाला, मानसा और संगरूर के कुछ इलाकों में हीटवेव का असर बढ़ सकता है।

20 मई को हीटवेव का दायरा और बढ़ने की संभावना है। इस दिन फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, श्री मुक्तसर साहिब, मोगा, बठिंडा, बरनाला, मानसा, संगरूर, पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, होशियारपुर, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर, पटियाला और मोहाली के कई हिस्सों में गर्म हवाएं चल सकती हैं।

इसी तरह 21 मई को भी फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, श्री मुक्तसर साहिब, मोगा, बठिंडा, बरनाला, मानसा और संगरूर के इलाकों में हीटवेव जैसी स्थिति बने रहने की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि दोपहर के समय बिना जरूरत घर से बाहर न निकलें, ज्यादा से ज्यादा पानी पिएं और धूप से बचाव के लिए जरूरी सावधानियां बरतें। खासकर बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को अधिक सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

Continue Reading

Punjab

मेरे सोशल मीडिया हैंडल पर कमेंट सेक्शन या डायरेक्ट मैसेज करके मुझे अपने सुझाव भेज सकते हैं- केजरीवाल

Published

on

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने नीट परीक्षा रद्द होने से परेशान छात्रों को तनाव से बाहर निकालने और परीक्षा को पारदर्शी बनाने को लेकर की बड़ी पहल की है। रविवार को उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो संदेश साझा कर कहा कि हम आपके साथ हैं। अगर आप तनाव में हैं तो आप अपनी भावनाएं व सुझाव मेरे साथ साझा करें। आप मेरे सोशल मीडिया हैंडल पर कमेंट सेक्शन या डायरेक्ट मैसेज करके मुझे अपने सुझाव और अपनी भावनाएं भेज सकते हैं। मैं समझ सकता हूं कि पेपर लीक होने पर क्या गुजरती है, लेकिन आत्महत्या जैसा कठोर कदम इसका समाधान नहीं है। मैं हमेशा आपके संपर्क में रहूंगा। हम सभी को मिलकर पेपर लीक के मुद्दे का समाधान निकालना होगा। 

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि अभी चारों तरफ से रिपोर्ट आ रही हैं। बहुत सारे बच्चों के संदेश आए हैं और फोन कॉल आ रहे हैं कि नीट एग्जाम कैंसिल होने की वजह से कई बच्चे डिप्रेशन और स्ट्रेस में हैं। अभी चार बच्चों के सुसाइड की भी खबर आई है। गोवा में एक बच्चे ने सुसाइड कर लिया। मैं उसके घर भी गया था। इसी तरह सीकर, दिल्ली और उत्तर प्रदेश के लखीमपुर में भी बच्चों ने सुसाइड कर लिया।

अरविंद केजरीवाल ने बच्चों से अपील करते हुए कहा कि मेरी सभी बच्चों से विनती है कि इतना कठोर कदम मत उठाइए। मैं आपकी चिंता और घबराहट को समझ रहा हूं। मैंने भी आईआईटी और यूपीएससी के एग्जाम दिए थे। हम कितने तनाव के अंदर एग्जाम देते हैं, तैयारी करते हैं, पेपर देकर आते हैं और अगर ऐसे में पेपर रद्द हो जाए तो दुख होता है। मैं यह सोच रहा था कि अगर मेरे समय में पेपर कैंसिल हो जाता तो मुझ पर क्या गुजरती? लेकिन सुसाइड करना या इतना कठोर कदम उठाना, इसका समाधान नहीं है। हमें मिलकर इसका समाधान निकालना है।

अरविंद केजरीवाल ने आगे कहा कि सबसे पहले तो मैं सभी बच्चों से विनती करना चाहता हूं कि अगर आप डिप्रेशन में हैं, तो आप अपनी भावना मेरे साथ शेयर कीजिए। आप कमेंट सेक्शन में या डायरेक्ट मैसेज (डीएम) करके मेरे साथ अपनी भावनाएं साझा कर सकते हैं। मैं आपसे संपर्क करूंगा और हम मिलकर इसका समाधान निकालेंगे। आप सब पढ़े-लिखे और समझदार लोग हैं। नीट को कैसे ठीक करना है, इसका समाधान हम मिलकर निकालेंगे। आपने भी इसके बारे में कुछ सोचा होगा, इसलिए आप अपने सुझाव भी मुझे भेजिए। हम मिलकर इसका समाधान करते हैं।

Continue Reading

Trending