Chandigarh
सियासी दलों की पदयात्राओं से गूंजेगा चुनाव का शंखनाद
चंडीगढ़ : राजस्थान सहित पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव संपन्न होने के तुरंत बाद हरियाणा की सियासत नई अंगड़ाई लेने को आतुर है। यह सियासत एक नए तरह के कलेवर और नई तरह के तजुर्बे के साथ खिलकर खेलने वाली है जिसमें पदयात्राओं के माध्यम से जनता की पल्स टटोलने का काम किया जाएगा।
इस समय हरियाणा में बीजेपी और जेजेपी की गठबंधन सरकार चल रही है। पहले प्लान में बीजेपी प्रचंड बहुमत के साथ आई थी। दूसरे प्लान के लिए हुए चुनावों में सरकार ने अबकी बार 75 पार का नारा जरूर दिया लेकिन वह 40 पार भी नहीं हुई और उसे अपने साथ जेजेपी के 10 विधायकों को लेकर सरकार का गठन करना पड़ा। जेजेपी का भी यह शैशवकाल ही था लेकिन डिप्टी सीएम बनाए गए दुष्यंत चौटाला ने अपनी तालीम और पारिवारिक सियासी माहौल का पूरा लाभ उठाते हुए अपनी योग्यता को साबित किया और एक कामयाब नेता की पहचान बनाई।
फिलहाल, हरियाणा में लोकसभा के चुनाव सिर पर हैं और लोकसभा निपटने के तत्काल बाद में हरियाणा विधानसभा के चुनाव होंगे। ऐसे में सियासी सरगर्मियां तेज होनी स्वाभाविक ही हैं। हरियाणा भाजपा की प्रांतीय इकाई ने चंडीगढ़ में बड़ी बैठक करके अपने इरादे स्पष्ट कर दिए हैं। भाजपा प्रदेश में विकसित भारत संकल्प यात्रा चलाएगी जिसका आगाज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छतीसगढ़ में किया था। इस यात्रा को हर गांव और हर वार्ड तक लेकर जाया जाएगा ताकि जनता के बीच सरकार के कामकाज को बताया जाए और जनता का फीडबैक लिया जाए।
इसी तरह कांग्रेस पार्टी भी राहुल गांधी का संदेश लेकर यात्रा निकाल रही है। कांग्रेस की पूर्व प्रदेशाध्यक्ष, पूर्व केंद्रीय मंत्री कुमारी सैलजा के नेतृत्व में इस यात्रा का आगाज किया जाएगा। कुमारी सैलजा ने ऐसे संकेत सिरसा प्रवास के दौरान दिए। इस यात्रा के जरिए प्रदेश में कांग्रेस की मजबूती और जनता की राय जानी जाएगी। हरियाणा में कांग्रेस पार्टी अपने अपर हैंड होने का दावा तो कर ही रही है लेकिन जूतियों में दाल बंटने के कारण उसकी छीछालेदर भी होती रहती है। कांग्रेस की राहुल संदेश यात्रा को कितना जनसमर्थन मिलेगा, यह भी इससे साफ हो जाएगा।
राजस्थान चुनाव से पहले तक इनेलो के वरिष्ठ नेता व विधायक अभय सिंह चौटाला भी प्रदेश में परिवर्तन पदयात्रा चला रहे थे। उन्होंने तमाम 90 विधानसभाओं का भ्रमण किया और अपनी पार्टी की नीतियों और कार्यों के बारे में जनता को अवगत करवाया। साथ ही अभय सिंह चौटाला ने जनता की राय भी जानी। अभय चौटाला यह दावा कई बार कर चुके हैं कि प्रदेश में बदलाव की बयार चल रही है और आने वाले चुनावों के बाद प्रदेश में इनेलो के नेतृत्व वाली सरकार बनेगी।
हरियाणा जैसे छोटे प्रदेश में राजनेता नई पार्टियों का प्रयोग काफी समय से करते आए हैं। पूर्व सांसद डॉ. सुशील इंदौरा ने कई दलों में जाने के बाद आपणी पार्टी के नाम से दल बनाया। इसी प्रकार पूर्व मंत्री एवं विधायक गोपाल कांडा ने हरियाणा लोकहित पार्टी का गठन किया। निर्दलीय विधायक बलराज कुुंडू ने भी हाल ही में अपनी पार्टी बनाई है। इससे इतर समस्त भारतीय पार्टी भी हरियाणा में चली थी। पूर्व सीएम भजनलाल के बेटे और पूर्व सांसद कुलदीप बिश्नोई ने भी हरियाणा जनहित कांग्रेस बनाई। हालांकि इन छोटे-छोटे दलों को कुछ बड़ा हासिल नहीं हुआ और कांग्रेस, बीजेपी और इनेलो ने ही यहां जनाधार बटोरा। अब इन बड़े दलों की सियासी रैलियों से प्रदेश में हलचल तो होगी ही। वह हलचल किसके पक्ष में ज्यादा काम करेगी, यह देखना दिलचस्प होगा।
Chandigarh
पंजाबी अभिनेता जसविंदर सिंह भल्ला को श्रद्धांजलि, मोहाली में उनके नाम पर बना चौक
मोहाली शहर में दिवंगत पंजाबी अभिनेता डॉ. जसविंदर सिंह भल्ला को एक अनोखी श्रद्धांजलि दी गई है। शहर के एक प्रमुख जंक्शन का नाम उनके नाम पर रखा गया है। मोहाली में Fortis Hospital के पास स्थित इस चौक का औपचारिक उद्घाटन उनके जन्मदिन के मौके पर किया गया।
यह पहल पंजाबी सिनेमा और कॉमेडी जगत में डॉ. भल्ला के योगदान को सम्मान देने के उद्देश्य से की गई है। इस कार्यक्रम में उनके बेटे पुखराज भल्ला ने मुख्य भूमिका निभाई, जबकि स्थानीय विधायक कुलवंत सिंह समेत पंजाबी फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े कई कलाकार और गणमान्य लोग मौजूद रहे। इस दौरान बड़ी संख्या में प्रशंसकों ने भी पहुंचकर अपने प्रिय कलाकार को श्रद्धांजलि दी।
गौरतलब है कि इस संबंध में फैसला मोहाली नगर निगम की हाउस मीटिंग में लिया गया था। प्रस्ताव के अनुसार फोर्टिस अस्पताल और पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड कार्यालय के पास स्थित इस सर्कल का नाम डॉ. जसविंदर सिंह भल्ला के नाम पर रखने का निर्णय सर्वसम्मति से पारित किया गया था, जिसे अब लागू कर दिया गया है।
समारोह के दौरान वक्ताओं ने डॉ. भल्ला के योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने अपनी अनोखी अदाकारी, सरल हास्य और तीखे व्यंग्य के जरिए पंजाबी मनोरंजन जगत में खास पहचान बनाई। उनकी कॉमिक टाइमिंग और अलग अंदाज ने हर वर्ग के दर्शकों को प्रभावित किया और उन्हें घर-घर में लोकप्रिय बना दिया।
डॉ. भल्ला का काम सिर्फ मनोरंजन तक सीमित नहीं था, बल्कि उनके संवाद और किरदार सामाजिक मुद्दों को भी छूते थे। उनकी फिल्मों और प्रस्तुतियों ने पंजाबी फिल्म इंडस्ट्री को नई दिशा दी और उन्हें एक अलग मुकाम दिलाया।
इस मौके पर परिवार के सदस्यों ने प्रशासन और लोगों का धन्यवाद करते हुए कहा कि यह सम्मान उनके लिए बेहद भावुक करने वाला है और यह साबित करता है कि डॉ. जसविंदर सिंह भल्ला आज भी लोगों के दिलों में जिंदा हैं।
Chandigarh
Punjab में बदलेगा मौसम का मिजाज: बारिश, आंधी और तेज हवाओं का अलर्ट जारी
पंजाब में इन दिनों भीषण गर्मी और बढ़ते तापमान से लोग परेशान हैं, लेकिन अब मौसम में बदलाव के संकेत मिलने लगे हैं। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में राज्य में मौसम करवट ले सकता है, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।
हालांकि रविवार को तापमान में हल्की 0.4 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई, लेकिन यह अभी भी सामान्य से करीब 3.3 डिग्री अधिक बना हुआ है। गर्मी का असर जारी है, लेकिन अब राहत की उम्मीद जताई जा रही है।
मौसम विभाग ने 27 अप्रैल से 30 अप्रैल तक चार दिनों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान तेज हवाएं, आंधी, गरज-चमक और बारिश की संभावना है।
27 अप्रैल को गुरदासपुर, होशियारपुर, पठानकोट, मुक्तसर, फाजिल्का, बठिंडा और मानसा जिलों में आंधी और बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है। वहीं फिरोजपुर, फरीदकोट, मोगा, लुधियाना, बरनाला, संगरूर, फतेहगढ़ साहिब, पटियाला और मोहाली में लू चलने का अनुमान है।
मौसम विभाग के मुताबिक, इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। 28 अप्रैल को पूरे राज्य में आंधी का असर देखने को मिल सकता है, जबकि 29 अप्रैल से मौसम में धीरे-धीरे बदलाव शुरू होगा। 30 अप्रैल को कुछ इलाकों में बारिश होने से तापमान में गिरावट आ सकती है।
इसके अलावा 27 अप्रैल से 2 मई तक कई हिस्सों में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। अगले दो दिन तापमान स्थिर रहने के बाद इसमें 2 से 4 डिग्री तक गिरावट आ सकती है। 26 और 27 अप्रैल को कुछ इलाकों में हीटवेव का असर भी जारी रह सकता है।
कुल मिलाकर, जहां एक तरफ लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है, वहीं तेज हवाओं और आंधी-तूफान को देखते हुए सतर्क रहने की जरूरत भी है।
Chandigarh
विवादों में घिरा चंडीगढ़ का Elante Mall , फूड कोर्ट के खाने में मिली सुंडी
चंडीगढ़ के प्रसिद्ध एलांते मॉल के फूड कोर्ट में खाने की गुणवत्ता को लेकर एक गंभीर मामला सामने आया है। सेक्टर 40-ए के रहने वाले एक व्यक्ति ने दावा किया है कि उन्हें परोसे गए खाने में सुंडी मिली, जिससे वह हैरान और नाराज हो गए।
बताया जा रहा है कि वह अपने छोटे बेटे के साथ फूड कोर्ट के एक कैफे में खाना खाने गए थे, जहां उन्होंने “चाइनीज वेज सुप्रीम सिज़लर” ऑर्डर किया। खाना खाते समय अचानक उनकी नजर डिश में मौजूद सुंडी पर पड़ी। खास बात यह रही कि उनका बेटा भी वही खाना खाने वाला था, जिससे स्थिति और अधिक चिंताजनक हो गई।
वीडियो बनाकर दर्ज कराई शिकायत
घटना के तुरंत बाद ग्राहक ने खाना खाना बंद कर दिया और पूरी घटना की वीडियो बनानी शुरू कर दी। इसके बाद उन्होंने फूड कोर्ट के इंचार्ज को मौके पर बुलाकर शिकायत दर्ज कराई। इंचार्ज ने भी माना कि खाने में कीड़ा मौजूद था।
इसके बाद कैफे के इंचार्ज को भी बुलाया गया, जिसने जांच के बाद ग्राहक से माफी मांगी। हालांकि, ग्राहक सिर्फ माफी से संतुष्ट नहीं हुआ और उसने मामले को आगे बढ़ाने का फैसला किया।
खाद्य विभाग को भेजे सबूत
ग्राहक ने घटना से जुड़ी वीडियो और तस्वीरें खाद्य सुरक्षा विभाग को भेज दी हैं और सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि इस तरह की लापरवाही लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ है और इसे नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
कैफे की सफाई
दूसरी ओर, कैफे के प्रतिनिधि ने इसे एक अलग-थलग घटना बताते हुए कहा कि इससे पहले ऐसा मामला सामने नहीं आया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचने के लिए जरूरी कदम उठाए जाएंगे।
पीड़ित ग्राहक ने प्रशासन से अपील की है कि मामले की गंभीरता से जांच की जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में किसी अन्य ग्राहक को ऐसी स्थिति का सामना न करना पड़े।
यह घटना एक बार फिर खाने-पीने के स्थानों में साफ-सफाई और गुणवत्ता को लेकर बड़े सवाल खड़े करती है और संबंधित विभागों के लिए चेतावनी के रूप में सामने आई है।
-
Religious3 years agoकब है तुलसी विवाह? इस दिन तुलसी माता का विवाह करने से मिलेगा लाभ
-
Religious3 years agoजानिए गोवर्धन पूजा का महत्व, कौनसा समय रहेगा पूजा के लिए सही
-
Religious3 years agoआखिर क्यों लिखा जाता है घर के बाहर शुभ लाभ, जानिए क्या है इन चिह्न का मतलब
-
Religious3 years agoपैरों के निशान, बनावट, रंग, साइज से पता लागए की आप कितने है भागयशाली
-
Religious3 years agoजानिए दीपावली में वाले दिन आखिर कितने जलाने चाहिए दीये ? और क्यों जलाने चाहिए दिये |
-
Chandigarh2 years agoChandigarh: Top 10 Restaurants. ये लोकप्रिय क्यों हैं ?
-
Punjab2 years agoपंजाब में अमरूद के बगीचे के मुआवजे के घोटाले में ED ने 26 स्थानों पर छापे मारे
-
Punjab2 years agoLudhiana में पुलिस स्टेशन के पास शव मिला। एक आदमी सड़क के बीच में पड़ा था; पास में कपड़ों से भरा एक बोरे भी मिला था, लेकिन उसकी पहचान नहीं हो सकी