Punjab
लड़का-लड़की ने संदिग्ध हालातों में नहर में लगाई छलांग, फैली सनसनी
पटियाला : पटियाला की भाखड़ा नहर से एक लड़का और लड़की के छलांग लगाने का मामला सामने आया है। लड़की का शव नहर से बाहर निकाल लिया गया है, जिसकी पहचान सरबजीत कौर (उम्र 21) निवासी हरियाणा के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार यह लड़की अपने साथी दिवनूर सिंह ( उम्र 24) के साथ उसकी स्कूटरी पर सवार होकर भाखड़ा नहर पर पहुंची, जहां उसने अपना और लड़के का फोन स्कूटरी की डिग्गी में रख दिया और नहर में छलांग लगा दी। इसी बीच लड़की को बचाने के लिए लड़का नहर में कूद गया और वह भी डूब गया। फिलहाल गोताखोरों ने लड़की का शव बाहर निकाल लिया है।
लड़के के परिवारवालों के मुताबिक, परिवार पटियाला के तोपखाना मोड़ का रहने वाला है। लड़का अशोका इंस्टीट्यूट पसियाना रोड से बीसीए की पढ़ाई कर रहा था और लड़की भी उसके साथ पढ़ रही थी। आज दीवनूर घर से यह कहकर निकला था कि वह रोल नंबर लेने जा रहा है, लेकिन इसी बीच यह घटना हो गई। फिलहाल गोताखोर नहर में लड़के की तलाश कर रहे हैं, जबकि लड़की के शव को शवगृह में रखवा दिया गया है।
Punjab
भगवंत मान सरकार की ऐतिहासिक पहल, पंजाब के 40 लाख गरीब-दलित-पिछड़े वर्ग के परिवारों को मुफ्त राशन किट मिलनी शुरू
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने आज संगरूर जिले के गांव भलवान से गरीबों और जरूरतमंद परिवारों को पौष्टिक खुराक उपलब्ध करवाने के लिए राशन किट वितरित करके ‘मेरी रसोई’ स्कीम की शुरुआत की। देश भर में जरूरतमंद परिवारों को पौष्टिक खुराक देने के लिए सबसे बड़ी पहलों में से एक ‘मेरी रसोई’ स्कीम के तहत राज्य के लगभग 40 लाख गरीब और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को राशन किट मिला करेगी। इस स्कीम को बढ़ती महंगाई के दौरान संघर्ष कर रहे परिवारों पर रसोई के बोझ को कम करने के लिए अत्यंत जरूरी मदद बताते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि ‘आप’ सरकार न सिर्फ ऐलान कर रही है बल्कि मुफ्त बिजली, स्वास्थ्य देखभाल, महिला-केंद्रित कल्याण स्कीमों और खाद्य सुरक्षा उपायों के माध्यम से हर घर को उचित राहत प्रदान कर रही है।
उन्होंने यह भी जोर देकर कहा कि सामाजिक कल्याण को मजबूत करने के साथ-साथ ‘आप’ सरकार बुनियादी ढांचे का तेजी से आधुनिकीकरण कर रही है और आने वाले समय में पंजाब को पूरी तरह “खंभा-मुक्त” राज्य बनाने के लिए जमीनदोज बिजली केबलिंग का काम तेजी से आगे बढ़ रहा है। स्कीम के शुभारंभ समारोह के दौरान विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा, “पिछली सरकारों ने कल्याणकारी उपायों को सिर्फ गेहूं और दालों की वितरण तक सीमित कर दिया था, जबकि पंजाब सरकार ने यह सुनिश्चित करने के लिए व्यापक प्रयास किया है कि गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों की रसोइयों में रोजाना जरूरतों के लिए आवश्यक सभी चीजें उपलब्ध रहें।”
मुख्यमंत्री ने कहा, “‘मेरी रसोई’ योजना के तहत हर लाभार्थी परिवार को हर तीन महीने में विशेष रूप से तैयार की गई राशन किट मिलेगी, जिसमें सरसों का तेल, दाल, चीनी, नमक, हल्दी और घरेलू रसोई चलाने के लिए जरूरी अन्य वस्तुएं होंगी।” इस बात पर जोर देते हुए कि यह योजना आम परिवारों की सामान्य जरूरतों, खासकर घरेलू जिम्मेदारियां संभालने वाली महिलाओं की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार की गई है, मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि मजबूत और खुशहाल पंजाब तभी बनाया जा सकता है जब हर घर की रसोई चलती रहे और कोई बच्चा भूखा न सोए।
उन्होंने कहा, “बच्चों के लिए पौष्टिक खुराक उनकी शिक्षा, स्वास्थ्य और खेलों में भागीदारी के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। हमारी सरकार चाहती है कि हर घर में पौष्टिक और जरूरी भोजन पदार्थों की पहुंच हो ताकि बच्चे प्रोटीन की कमी के कारण कमजोरी का शिकार न हों।” पंजाब सरकार के लोक कल्याण-मुखी शासन मॉडल का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि पंजाब के लगभग 90 प्रतिशत घरों को अब जीरो बिजली बिल मिल रहे हैं, जिससे परिवारों को पैसे बचाने और घरेलू खर्च चलाने में काफी मदद मिल रही है। कृषि और सिंचाई सुधारों पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘आप’ सरकार ने किसानों के लिए दिन में निर्बाध बिजली सप्लाई सुनिश्चित की है, जिससे वे रात की मुश्किलों की बजाय दिन में अपने खेतों की सिंचाई कर सकते हैं।
उन्होंने कहा, “हमारी सरकार ने पूरे पंजाब में लगभग 14,000 किलोमीटर लंबी रजवाहों, खालों और पाइपलाइनों को बहाल कर और बिछाकर नहरी सिंचाई प्रणाली को फिर से जीवित किया है। इस ऐतिहासिक पहल ने सिंचाई सुविधाओं में सुधार किया है और भूजल को संरक्षित करने में मदद की है।” मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने आगे कहा कि नहरी पानी की बेहतर उपलब्धता ने किसानों की ट्यूबवेल पर निर्भरता कम की है, जिससे पंजाब में तेजी से कम हो रहे भूजल स्तर के भंडारण को बचाने में बड़ी सहायता मिलेगी।
महिला सशक्तिकरण के प्रति पंजाब सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि “मावां-धीयां सत्कार योजना” के लिए रजिस्ट्रेशन प्रगति पर है। इस योजना के तहत हर योग्य महिला को मासिक वित्तीय सहायता दी जाएगी। उन्होंने कहा, “18 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं को आगे आना चाहिए और इस स्कीम के लिए रजिस्टर करवाना चाहिए। जनरल वर्ग की महिलाओं को प्रति माह 1,000 रुपए जबकि अनुसूचित जाति से संबंधित परिवारों की महिलाओं को प्रति माह 1,500 रुपए दिए जाएंगे।”
उन्होंने कहा कि इन पहलों का उद्देश्य महिलाओं के लिए सम्मान, आत्मविश्वास और वित्तीय सहायता सुनिश्चित करना है ताकि वे अपनी घरेलू जिम्मेदारियों को बेहतर ढंग से निभा सकें। स्वास्थ्य देखभाल संबंधी सुधारों पर प्रकाश डालते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि पंजाब सरकार मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना के तहत 10 लाख रुपए तक का मुफ्त स्वास्थ्य कवरेज प्रदान कर रही है। उन्होंने कहा, “इस योजना के तहत लोग सरकारी और सूचीबद्ध निजी अस्पतालों में नकद रहित इलाज प्राप्त कर सकते हैं। पंजाब में किसी भी परिवार को चिकित्सा इलाज के लिए जमीन या कीमती चीजें बेचने के लिए मजबूर नहीं होना पड़ेगा।” मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने बताया कि 35 लाख से अधिक स्वास्थ्य कार्ड पहले ही जारी किए जा चुके हैं और सरकार पूरे राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच का विस्तार कर रही है।
कल्याणकारी स्कीमों में पहले नौकरशाही द्वारा पैदा की गई अनावश्यक बाधाओं की आलोचना करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि पंजाब सरकार ने असुविधा का कारण बनने वाली जटिल बायोमेट्रिक सत्यापन प्रणालियों को हटा दिया है और सभी, खासकर महिलाओं तथा बुजुर्ग नागरिकों के लिए कल्याणकारी स्कीमों संबंधी रजिस्ट्रेशन प्रक्रियाओं को सरल बना दिया है। उन्होंने कहा, “घरेलू काम करने वाली बहुत सी महिलाओं को बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण में मुश्किलों का सामना करना पड़ता है क्योंकि उनके उंगलियों के निशान समय के साथ फीके पड़ जाते हैं। इसलिए पंजाब सरकार ने फोटो-आधारित सत्यापन के माध्यम से प्रक्रिया को सरल बनाया है।”
श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की पवित्रता की रक्षा के प्रति अपनी सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि हाल ही में लागू किए गए बेअदबी विरोधी कानून से पंजाब के लोगों को बेहद राहत और संतोष मिला है। उन्होंने कहा, “सालों तक लोगों को बेअदबी की घटनाओं के कारण दुख सहना पड़ा और बेअदबी में शामिल दोषी अक्सर कमजोर कानूनी प्रबंधों के कारण जमानत प्राप्त कर लेते थे। इस नए कानून में सख्त सजा, भारी जुर्माना, लंबी कैद और उम्रकैद तक की व्यवस्था की गई है।” उन्होंने कहा कि कानून को पहले ही राज्यपाल से सहमति मिल चुकी है और कानून को वापस लेने का कोई सवाल ही नहीं उठता।
उन्होंने आगे कहा, “दुनिया भर की सिख संगत द्वारा इस कानून को भरपूर समर्थन मिला है। सिर्फ कुछ राजनीतिक रूप से प्रेरित लोग ही इसका विरोध कर रहे हैं।” मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने आगे कहा कि पिछली सरकारें बार-बार लोगों की मांगों के बावजूद सख्त कार्रवाई करने में असफल रहीं, जबकि पंजाब सरकार ने भविष्य में बेअदबी की घटनाओं को रोकने के लिए सख्त कानून बनाकर अपनी जिम्मेदारी निभाई है।
मुख्यमंत्री ने सरकार के प्रति लोगों के भारी समर्थन और प्यार के लिए उनका धन्यवाद करते हुए कहा, “उनकी सरकार ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ काम कर रही है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि लोगों का पैसा स्कूलों, अस्पतालों, कल्याणकारी स्कीमों और बुनियादी ढांचे के विकास पर खर्च किया जाए।” इस समारोह के दौरान खाद्य एवं सिविल आपूर्ति मंत्री लाल चंद कटारूचक, सीनियर सिविल एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारी, पंचायतों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी मौजूद थे।
इस समारोह की कुछ झलकियां साझा करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने एक्स पर लिखा: “आज संगरूर में, हमने 40 लाख परिवारों की भलाई के लिए ‘मुख्यमंत्री मेरी रसोई योजना’ शुरू की है, जिसके तहत बच्चों को कुपोषण से बचाने के लिए साल में चार बार राशन किटें वितरित की जाएंगी।”
उन्होंने आगे लिखा, “हमारी सरकार मुफ्त बिजली, ‘मुख्यमंत्री सेहत योजना’, ‘मावां-धीयां सत्कार योजना’, किसानों को दिन में निर्बाध बिजली सप्लाई और नहरी पानी जैसी सुविधाएं प्रदान करके समाज के हर वर्ग के जीवन को सुगम बनाने की दिशा में निरंतर काम कर रही है। गांव सतौज से, हम पूरे राज्य से खंभे हटाने के लिए बिजली की तारों को जमीनदोज करने की ऐतिहासिक पहल भी शुरू कर रहे हैं।”
पोस्ट में आगे लिखा, “पिछली सरकारों ने बेअदबी की घटनाओं पर सिर्फ सियासत की, लेकिन हमने उम्रकैद और 50 लाख रूपए के जुर्माने वाला सख्त कानून लाकर गुरु मर्यादा की रक्षा को सुनिश्चित किया है। ‘रंगला पंजाब’ बनाने की दिशा में यह सफर निरंतर जारी रहेगा। आप सरकार द्वारा ऐतिहासिक कदम, पूरे राज्य के 40 लाख परिवारों के लिए खाद्य सुरक्षा को मजबूत करके घरेलू बोझ को घटाया*
“मेरी रसोई योजना” भगवंत मान सरकार के कल्याण और लोक-केंद्रित मॉडल को दर्शाती है, जो राजनीतिक बयानबाजी की बजाय आम परिवारों के लिए सम्मान, पोषण और वित्तीय राहत को प्राथमिकता देती है। ऐसे समय में जब बढ़ते घरेलू खर्च देश भर के गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों को प्रभावित कर रहे हैं, भगवंत मान सरकार ने लगभग 40 लाख परिवारों को रोजाना जीवन के लिए रसोई की जरूरी सप्लाई की सीधी सहायता करके एक ऐतिहासिक और सहानुभूतिपूर्ण कदम उठाया है। पिछली सरकारों के विपरीत, जो कल्याण को सिर्फ ऐलानों तक सीमित रखती थी, ‘आप’ सरकार ने खाद्य सुरक्षा के दायरे का विस्तार करते हुए गरीब परिवारों को गेहूं और राशन सहायता के अलावा पौष्टिक जरूरी भोजन पदार्थ उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया है।
पारदर्शी डिलीवरी प्रणालियों, मानक भोजन किटों और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों तक व्यापक पहुंच के माध्यम से, भगवंत सिंह मान सरकार ने स्वस्थ, मजबूत और संतुष्ट पंजाब बनाने की अपनी प्रतिबद्धता को और मजबूत किया है, जहां कोई भी परिवार अपनी पोषण संबंधी जरूरतों के लिए संघर्ष करने को मजबूर न हो।
Punjab
शुक्राना यात्रा’ में लाखों संगतों ने शिरकत करके बेअदबी विरोधी ऐतिहासिक कानून के लिए अकाल पुरख का धन्यवाद किया-भगवंत सिंह मान
बेअदबी की घटनाओं के खिलाफ सख्ती से निपटने और पंजाब में सांप्रदायिक सद्भावना का माहौल महफूज़ रखने के लिए अपने दृढ़ संकल्प को दोहराते हुए पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने आज चार दिवसीय ‘शुक्राना यात्रा’ के दौरान प्यार, स्नेह और अपनत्व दिखाने के लिए पंजाब के लोगों का दिल से धन्यवाद किया। 6 मई को खालसे की जन्मभूमि से शुरू हुई ‘शुक्राना यात्रा’ आज पवित्र नगर श्री फतेहगढ़ साहिब में संपन्न हुई।
गुरुद्वारा श्री फतेहगढ़ साहिब में माथा टेकने के बाद विशाल समागम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि फतेहगढ़ साहिब की पवित्र धरती पंजाबियों को जुल्म-जबरदस्ती के खिलाफ लड़ने के लिए प्रेरित करती है। उन्होंने कहा कि यात्रा श्री आनंदपुर साहिब में तख्त श्री केसगढ़ साहिब से शुरू हुई थी। दूसरे दिन यात्रा के दौरान श्री दरबार साहिब और श्री अकाल तख्त साहिब में माथा टेका, उसके बाद तीसरे दिन तख्त श्री दमदमा साहिब और गुरुद्वारा मस्तूआणा साहिब में माथा टेका। उन्होंने आगे कहा कि आज गुरुद्वारा श्री दुःख निवारण साहिब और श्री फतेहगढ़ साहिब में माथा टेकने के बाद यात्रा अब समाप्त हो गई है।
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि यात्रा के दौरान लोगों द्वारा दिखाए गए प्यार ने सरकार को और भी अधिक नम्रता, लोगों की इच्छाओं के प्रति जिम्मेदारी और उनके आदेशों के प्रति जवाबदेही से भर दिया है। उन्होंने कहा, “पंजाबी अपनी सरकार द्वारा ‘जागत जोत श्री गुरु ग्रंथ साहिब सतिकार (संशोधन) एक्ट 2026’ लागू करने से बहुत खुश हैं, जिसमें बेअदबी के खिलाफ सख्त सजा का प्रावधान है।”
गांव-गांव जाकर कानून के बारे में लोगों को जागरूक करने की अपील करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि इस घिनौने अपराध में शामिल पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति से अब सख्ती से निपटा जाएगा और कड़ी सजा दी जाएगी। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों का बेअदबी को रोकने के लिए कानून बनाने का न तो इरादा था और न ही इच्छाशक्ति, जिसके कारण उनके शासनकाल के दौरान श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की बेअदबी बार-बार होती रही। उन्होंने कहा, “अब पंजाब सरकार द्वारा पारित यह ऐतिहासिक एक्ट इस अक्षम्य अपराध को खत्म कर देगा क्योंकि कोई भी दोबारा ऐसे कृत्यों की हिम्मत नहीं करेगा।”
अकाली लीडरशिप पर तीखा हमला करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि उन्होंने पंजाब भर में बेअदबी की घटनाओं का विरोध करने के लिए इकट्ठा हुए निर्दोष लोगों पर गोलीबारी करने के आदेश दिए हैं। उन्होंने टिप्पणी की कि अकालियों पर “पीढ़ियों के नरसंहार” का मुकदमा दर्ज किया जाना चाहिए क्योंकि नशे के कारोबार को उनके शासन के दौरान संरक्षण दिया गया था और उनके लंबे कुशासन के दौरान यह फला-फूला। उन्होंने कहा, “उन नेताओं के हाथ लाखों युवाओं के खून से रंगे हुए हैं जो सरकारी वाहनों के माध्यम से भी राज्य में सप्लाई किए जाने वाले नशों का शिकार हो गए थे।”
मुख्यमंत्री ने कहा, “ये पाप क्षमा करने योग्य नहीं हैं और पंजाबी इन्हें कभी माफ नहीं करेंगे।” उन्होंने कहा कि अकाली लीडरशिप ने गुरबाणी के नाम पर बार-बार वोट मांगने के बावजूद बेअदबी की घटनाओं के जरिए पंजाबियों के दिलों को गहरी ठेस पहुंचाई है।
अकाली शासन के दौरान विकास को लेकर पूर्व उपमुख्यमंत्री के दावों का हवाला देते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि उन्होंने कोटकपूरा, बहबल कलां और अन्य बेअदबी की घटनाओं के त्रासदी को आसानी से नजरअंदाज कर दिया, जहां मासूम लोगों ने अपनी जानें गंवाईं। उन्होंने कहा कि अकाली नेताओं ने अपने जालिम शासन के दौरान पंजाब को बेरहमी से लूटा और आम लोगों पर जुल्म ढाए।
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि अकालियों ने पंजाब में माफिया को संरक्षण दिया और नशे और भ्रष्टाचार के जरिए पीढ़ियां बरबाद कीं। सुखबीर बादल पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा, “अकालियों का लोगों से संपर्क पूरी तरह टूट चुका है और अब रैलियों में भीड़ जुटाने के लिए किराए पर लाए गए कार्यकर्त्ताओं पर निर्भर हो गए हैं। हर अकाली रैली में वही भीड़ देखी जा सकती है।” उन्होंने आगे कहा कि जो लोग कभी दावा करते थे कि वे 25 साल पंजाब पर राज करेंगे, अब उन्हें सूबे के सूझवान और बहादुर लोगों ने राजनीतिक तौर पर नकार दिया है।
अकाली लीडरशिप पर बरसते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि इन अवसरवादी नेताओं ने अपनी सुविधा और सियासी हितों के मुताबिक गिरगिट की तरह रंग बदले। उन्होंने बताया कि बेअदबी के लिए जिम्मेदार लोग एक बार श्री अकाल तख्त साहिब पर पेश हुए थे और उन्होंने अपने जुर्म सार्वजनिक तौर पर कबूल किए थे, लेकिन बाद में जब यह उनके सियासी मंसूबों के फिट नहीं बैठा तो उन्होंने पूरी तरह पलटी मार ली। उन्होंने कहा, “पंजाब इन नेताओं का असली चेहरा अच्छी तरह पहचानता है, जिन्होंने बार-बार अपनी संकीर्ण सियासी चालों के जरिए लोगों को गुमराह किया है।”
मुख्यमंत्री ने कहा कि वही लोग जिन्हें कभी अजेय माना जाता था, लेकिन आज उन्हें अपनी पार्टी के लिए कमेटी बनाने के लिए पांच सदस्य भी नहीं मिल रहे हैं। उन्होंने पंजाबियों को याद दिलाया कि इन नेताओं ने गैंगस्टरों को संरक्षण दिया और नशा तस्करों को शरण दी, जिन्होंने पंजाब की जवानी को नशे की दलदल में धकेल दिया। उन्होंने कहा, “लोगों ने उन पर बार-बार भरोसा किया, लेकिन उन्होंने हर बार धोखा दिया।”
Punjab
मंत्री संजीव अरोड़ा के खिलाफ ED की कार्रवाई पूरी तरह राजनीति से प्रेरित है: AAP
आम आदमी पार्टी (आप) ने मंत्री संजीव अरोड़ा के घर पर ईडी की रेड और उनकी गिरफ्तारी को पूरी तरह से राजनीति से प्रेरित बताया है। आप ने केंद्र की भाजपा सरकार की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि जब भी भाजपा चुनाव मैदान में पिछड़ती दिखती है, तो अपनी जांच एजेंसियों को आगे भेजकर विपक्ष की आवाज को कुचलने की साजिश रचती है। संजीव अरोड़ा के खिलाफ यह कार्रवाई उसी बदले की राजनीति का हिस्सा है।
अरोड़ा की गिरफ्तारी पर प्रतिक्रिया देते हुए सीनियर नेता और पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि जैसे भाजपा ने ईडी, सीबीआई और दूसरी केंद्रीय एजेंसियों के तंत्र का गलत इस्तेमाल करके पश्चिम बंगाल में चुनाव लूटने और सरकार बनाने की कोशिश की थी, अब पंजाब में भी वही घिनौना खेल खेला जा रहा है।
उन्होंने कहा कि यह सिर्फ संजीव अरोड़ा जी पर रेड नहीं है, बल्कि यह पंजाब और तीन करोड़ पंजाबियों की शान पर हमला है। अपनी हार से घबराई भाजपा केंद्रीय एजेंसियों के ज़रिए पंजाब पर हमला कर रही है।
मंत्री चीमा ने केंद्रीय एजेंसियों के काम करने के तरीके पर सवाल उठाते हुए कहा कि भाजपा का एकमात्र एजेंडा पूरे देश से विपक्षी पार्टियों को खत्म करना है। उन्होंने कहा कि पहले अमन अरोड़ा जी को टारगेट किया गया और अब दूसरी बार संजीव अरोड़ा जी के खिलाफ ईडी का इस्तेमाल किया गया है। सत्ता के नशे में चूर भाजपा संवैधानिक संस्थाओं का इस्तेमाल विपक्षी नेताओं को डराने और धमकाने के लिए कर रही है, ताकि कोई उनके खिलाफ आवाज़ न उठा सके।
चीमा ने कड़े शब्दों में कहा कि भाजपा का यह कदम बाबा साहेब डॉ. भीम राव अंबेडकर के बनाए संविधान को खत्म करने की गहरी साजिश है। उन्होंने कहा कि भाजपा सीधे हमारे संविधान पर हमला कर रही है, जिसे ‘आम आदमी पार्टी’ और पंजाब के लोग कभी कामयाब नहीं होने देंगे।
हरपाल चीमा ने चेतावनी दी कि पंजाब के लोग भाजपा के इन नापाक इरादों को अच्छी तरह समझते हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब के तीन करोड़ लोग एकजुट हैं। भाजपा कितनी भी कोशिश कर ले, उन्हें पंजाब की धरती से हमेशा करारी हार मिलेगी। हम इस तानाशाही का डटकर विरोध करेंगे और झुकेंगे नहीं।
कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने कहा कि भाजपा केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल करके पंजाब में अपनी राजनीतिक ज़मीन तलाशने की नाकाम कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि हैरानी की बात है कि पिछले एक साल में ही संजीव अरोड़ा जी के घर पर तीसरी बार रेड हुई है और पिछले 10 दिनों में यह दूसरी बार है। यह रेड किसी जांच के लिए नहीं है, बल्कि सिर्फ डराने-धमकाने की राजनीति है। भाजपा का सिर्फ और सिर्फ मकसद आम आदमी पार्टी के नेताओं को डराना और बदनाम करना है।
केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए मंत्री अरोड़ा ने कहा कि भाजपा और उसकी एजेंसियों को किसी गलतफहमी में नहीं रहना चाहिए। यह गुरुओं, पीरों और फकीरों की धरती है। अगर औरंगजेब इस मिट्टी को नहीं झुका सका तो भाजपा क्या झुकाएगी? यह शहीद-ए-आजम सरदार भगत सिंह और उधम सिंह जैसे योद्धाओं की धरती है, जिन्हें अंग्रेज भी नहीं झुका पाए।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि पंजाब के लोग प्यार के लिए अपनी जान भी दे सकते हैं, लेकिन डंडे या तानाशाही के आगे कभी नहीं झुकेंगे। उन्होंने कहा कि मैं केंद्र सरकार और उसकी एजेंसियों को चेतावनी देता हूं कि वे इन गंदी चालों से बाज आएं। इन हथकंडों से भाजपा न तो पंजाब को झुका सकेगी, न आम आदमी पार्टी को, न ही पंजाब के तीन करोड़ लोगों के जज़बे को।
अमन अरोड़ा ने कहा कि भाजपा द्वारा लोकतंत्र का गला घोंटने के लिए अपनाए जा रहे ये तरीके भविष्य में उनके लिए घातक साबित होंगे। पंजाब के लोग सब कुछ देख रहे हैं और समय आने पर इस तानाशाही का मुंहतोड़ जवाब देंगे।
मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां और आप नेता दीपक बाली ने कहा कि भाजपा अपनी ‘घटिया राजनीति’ के लिए केंद्रीय एजेंसियों को ढाल की तरह इस्तेमाल कर रही है, लेकिन पंजाब की क्रांतिकारी धरती इसे कभी स्वीकार नहीं करेगी।
आप नेताओं ने इस रेड पर सवाल उठाते हुए कहा कि भाजपा की ईडी ने एक साल में तीसरी बार और एक महीने के अंदर दूसरी बार संजीव अरोड़ा जी के घर पर रेड की है। हैरानी की बात है कि बार-बार हो रही इस कार्रवाई में अभी तक कुछ भी बरामद नहीं हुआ है। इससे यह साफ है कि इन छापों का मकसद भ्रष्टाचार की जांच करना नहीं, बल्कि आम आदमी पार्टी के ईमानदार सिपाहियों को परेशान करना है।
आप नेताओं ने कड़े शब्दों में चेतावनी दी कि भाजपा और ईडी का जो ‘गठबंधन’ आज पूरे देश में लोकतंत्र को कुचल रहा है, वह पंजाब की इस पवित्र धरती से खत्म होगा। हम मोदी जी और अमित शाह जी से कहना चाहते हैं कि आप जो घटिया राजनीति कर रहे हैं, वह बंद करें। यह लोकतंत्र के लिए ठीक नहीं है।
उन्होंने कहा कि आप का हर नेता और वर्कर अरविंद केजरीवाल और मुख्यमंत्री भगवंत मान की लीडरशिप में पूरी ईमानदारी से पंजाब की सेवा कर रहा है। भाजपा चाहे जितनी भी छापेमारी करे, हम झुकेंगे नहीं। पूरा पंजाब आम आदमी पार्टी के साथ खड़ा है। भाजपा की इन साजिशों को पंजाब में कभी कामयाब नहीं होने दिया जाएगा।
मंत्री बरिंदर गोयल और विधायक कुलदीप धालीवाल ने इसे भाजपा की ‘दबाने वाली राजनीति’ बताते हुए कहा कि भाजपा अपने विरोधियों को डरा-धमकाकर पार्टी में शामिल करने का खेल खेल रही है, लेकिन पंजाब इसे कभी स्वीकार नहीं करेगा।
आप नेताओं ने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि ऐसा प्रतीत हो रहा है कि भाजपा में ‘औरंगजेब की आत्मा’ प्रवेश कर गई है। औरंगजेब की तरह भाजपा भी हर राजनीतिक विरोधी को कुचलना चाहती है। उनका एक ही मंत्र है – या तो भाजपा में शामिल हो जाओ, या जेल जाने को तैयार रहो। भाजपा सत्ता के बल पर सबको डरा-धमकाकर अपने पाले में करना चाहती है।
आप नेताओं ने ईडी की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए कहा कि संजीव अरोड़ा एक सफल व्यापारी हैं और उन्होंने अपनी मेहनत से अपना साम्राज्य खड़ा किया है। उन्होंने हैरानी जताते हुए कहा कि ईडी उन लोगों के घर क्यों नहीं जाती जिन्होंने राजनीति में आकर पंजाब को लूटा और करोड़ों-अरबों के होटल और बिजनेस खड़े किए। ईडी बादल परिवार जैसे बड़े राजनीतिक परिवारों के खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं करती? इसका साफ मतलब है कि पंजाब को लूटने वाले भाजपा और ईडी से मिले हुए हैं, जबकि मेहनती लोगों को परेशान किया जा रहा है।
भाजपा को चेतावनी देते हुए आप नेताओं ने कहा कि केंद्र सरकार इस गलतफहमी में न रहे कि हमारे नेता रेड के डर से पार्टी छोड़ देंगे या झुक जाएंगे। आपने अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया, सतिंदर जैन और संजय सिंह को जेल भेजा, लेकिन कोई झुका नहीं। संजीव अरोड़ा और आम आदमी पार्टी का कोई भी सिपाही आपकी इन धमकियों से डरने वाला नहीं है।
उन्होंने कहा कि भाजपा के पास पंजाब में कोई जनाधार नहीं है, इसीलिए उसके नेता नहीं बल्कि ईडी और सीबीआई जैसी एजेंसियां यहां प्रचार कर रही हैं। उन्होंने कहा कि हम अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान के सच्चे सिपाही हैं और भाजपा की इस तानाशाही का मुंहतोड़ जवाब देंगे।
-
Religious2 years agoकब है तुलसी विवाह? इस दिन तुलसी माता का विवाह करने से मिलेगा लाभ
-
Religious2 years agoजानिए गोवर्धन पूजा का महत्व, कौनसा समय रहेगा पूजा के लिए सही
-
Religious2 years agoआखिर क्यों लिखा जाता है घर के बाहर शुभ लाभ, जानिए क्या है इन चिह्न का मतलब
-
Religious2 years agoपैरों के निशान, बनावट, रंग, साइज से पता लागए की आप कितने है भागयशाली
-
Punjab2 years agoपंजाब में अमरूद के बगीचे के मुआवजे के घोटाले में ED ने 26 स्थानों पर छापे मारे
-
Chandigarh2 years agoChandigarh: Top 10 Restaurants. ये लोकप्रिय क्यों हैं ?
-
Punjab2 years agoLudhiana में पुलिस स्टेशन के पास शव मिला। एक आदमी सड़क के बीच में पड़ा था; पास में कपड़ों से भरा एक बोरे भी मिला था, लेकिन उसकी पहचान नहीं हो सकी
-
Religious3 years agoजानिए दीपावली में वाले दिन आखिर कितने जलाने चाहिए दीये ? और क्यों जलाने चाहिए दिये |