Blog

अलीगढ़ में मस्जिद की दीवार पर लिखा धार्मिक नारा, मौके पर पुलिस फोर्स तैनात

Published

on

उत्तर प्रदेश में अलीगढ़ जिले के दिल्ली गेट क्षेत्र में एक मस्जिद की दीवार पर कुछ आपत्तिजनक नारे लिखे जाने से तनाव फैल गया। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने स्थिति को शांत किया। अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) शेखर पाठक ने सोमवार को बताया कि शनिवार देर रात दिल्ली गेट क्षेत्र में स्थित एक मस्जिद की दीवार पर कुछ असामाजिक तत्वों ने आपत्तिजनक नारे लिखे। घटना की खबर मिलने पर समुदाय विशेष के लोग मौके पर एकत्र हो गये।

सूत्रों के मुताबिक नाराज लोगों ने नारे लिखने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। इससे मौके पर कुछ देर के लिये हालात तनावपूर्ण हो गये। अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने नाराज लोगों को समझाया और मस्जिद की दीवार पर लिखे नारों की जगह पुताई करवायी। उन्होंने बताया कि दोनों समुदायों के स्थानीय निवासियों की मदद से स्थिति को शांत किया गया।

पुलिस ने रविवार को अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के नेताओं ने मांग की है कि उन तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए जो शहर में सांप्रदायिक शांति बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Trending

Exit mobile version