Punjab

मोगा को मिली नई मेयर, AAP की विनयपाल कौर संभालेंगी शहर की कमान

Published

on

मोगा नगर निगम में आम आदमी पार्टी ने मेयर पद पर कब्जा जमाते हुए अपनी पार्षद विनयपाल कौर को नया मेयर चुना है। इस बार पंजाब सरकार द्वारा मेयर का पद पिछड़ा वर्ग (बीसी) के लिए आरक्षित किया गया था, जिसके तहत विनयपाल कौर को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है।

मेयर चुनाव प्रक्रिया के दौरान पंजाब के कैबिनेट मंत्री तरुणप्रीत सिंह सौंद विशेष रूप से मोगा पहुंचे। चुनाव विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा और जिला प्रशासन के अधिकारियों की मौजूदगी में संपन्न हुआ।

गौरतलब है कि नगर निगम चुनाव में आम आदमी पार्टी ने 50 में से 30 वार्ड जीतकर स्पष्ट बहुमत हासिल किया था। विनयपाल कौर ने पहली बार राजनीति में कदम रखते हुए वार्ड नंबर 8 से चुनाव लड़ा था और जीत दर्ज की थी। अब वह मोगा की पहली नागरिक के रूप में शहर की कमान संभालेंगी।

44 वर्षीय विनयपाल कौर ने मेडिसिन में बीएससी तथा शिमला विश्वविद्यालय से पीजीडीसीए की डिग्री प्राप्त की है। दो बच्चों की मां विनयपाल कौर का परिवार पहले सक्रिय राजनीति से दूर रहा है। चुनाव में उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 228 वोटों के अंतर से हराया था।

मेयर बनने के बाद विनयपाल कौर ने कहा कि उनकी प्राथमिकता शहर के विकास, सफाई व्यवस्था, बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान पर रहेगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि मोगा को एक बेहतर और आधुनिक शहर बनाने के लिए पूरी ईमानदारी से काम किया जाएगा।

आम आदमी पार्टी के नेताओं ने इस जीत को जनता के विश्वास की जीत बताते हुए कहा कि नई मेयर के नेतृत्व में शहर के विकास कार्यों को और गति दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Trending

Exit mobile version