National

पटना में बड़ा नाव हादसा, गंगा नदी में पलटी नाव; 2 की मौत, 5 लोग लापता

Published

on

बिहार की राजधानी पटना से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। उमानाथ गंगा घाट पर तेज हवाओं और खराब मौसम के बीच एक नाव गंगा नदी में पलट गई, जिसमें करीब 14 से 15 लोग सवार थे। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर चीख-पुकार सुनाई देने लगी।

जानकारी के मुताबिक सभी लोग नाव के जरिए गंगा नदी पार कर दियारा क्षेत्र में सब्जियों की कटाई करने जा रहे थे। इसी दौरान अचानक मौसम बिगड़ गया और तेज हवाओं के कारण नाव का संतुलन बिगड़ गया। देखते ही देखते नाव गंगा नदी में पलट गई और उसमें सवार सभी लोग पानी में डूबने लगे।

घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद अन्य नाव चालकों और स्थानीय लोगों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद सात लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हालांकि इस हादसे में अब तक एक महिला और एक युवक की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि पांच लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं।

हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंच गईं। बारह थाना के एसएचओ ब्रजकिशोर सिंह, सीडीपीओ रामकृष्ण, एसडीएम गरिमा लोहिया और सर्किल ऑफिसर डॉ. नरेंद्र कुमार सिंह समेत कई अधिकारी घटनास्थल पर मौजूद हैं और बचाव कार्यों की निगरानी कर रहे हैं।

प्रशासन ने तुरंत SDRF की टीम को मौके पर बुलाया, जो गंगा नदी में लापता लोगों की तलाश में जुटी हुई है। गोताखोर लगातार सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि नदी में तेज बहाव और खराब मौसम के कारण राहत कार्य में दिक्कतें आ रही हैं।

हादसे के बाद उमानाथ गंगा घाट पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस द्वारा मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जा रही है ताकि हादसे के सही कारणों का पता लगाया जा सके।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे नदी किनारे भीड़ न लगाएं और बचाव कार्य में बाधा न डालें। साथ ही खराब मौसम के दौरान नाव यात्रा से बचने की सलाह भी दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Trending

Exit mobile version