Connect with us

Punjab

मोदी सरकार ने तेल कंपनियों और अपने पूंजीपति मित्रों के साथ मिलकर भारत की गरीब जनता और किसानों की जेब पर डाला 6.5 लाख करोड़ रुपए का बोझ: कुलदीप धालीवाल

Published

on

आम आदमी पार्टी (आप) पंजाब के मुख्य प्रवक्ता और विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल ने केंद्र की मोदी सरकार पर देश की जनता, पंजाब और विशेष रूप से देश के अन्नदाता को कॉरपोरेट घराने के हाथों बेरहमी से लुटवाने का आरोप लगाया है।

एक बयान में धालीवाल ने आंकड़े पेश करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की केंद्र सरकार पूरी तरह से ‘एंटी-इंडिया’, ‘एंटी-किसान’ और ‘एंटी-पंजाब’ हो चुकी है, जिसका एकमात्र मकसद आम जनता की जेबें काटकर अपने पूंजीपति मित्रों के घर भरना है।

उन्होंने कहा कि पिछले चार सालों के दौरान जब पूरी दुनिया में कच्चे तेल की कीमतें बेहद कम थीं, तब मोदी सरकार ने उस कटौती का फायदा देश की जनता या किसानों को देने की बजाय इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम, हिंदुस्तान पेट्रोलियम और ओएनजीसी जैसी बड़ी तेल कंपनियों को ट्रांसफर कर दिया। इन कंपनियों को सीधे तौर पर 3 लाख 209 करोड़ रुपए का मुनाफा पहुंचाया गया। इसके अलावा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सबसे खास दोस्त की कंपनी ‘रिलायंस’ को भी लगभग 3 लाख करोड़ रुपए का शुद्ध लाभ कराया गया। कुल मिलाकर करीब 6.30 लाख करोड़ रुपए का सीधा बोझ भारत की गरीब जनता की जेब पर डाला गया।

धालीवाल ने कहा कि दुनिया के कई छोटे देशों का कुल सालाना बजट भी 6.30 लाख करोड़ रुपए नहीं होता, जितने रुपए का डाका मोदी सरकार ने तेल कंपनियों के साथ मिलकर देश के लोगों की जेबों पर डाल दिया।

‘आप’ नेता ने केंद्र सरकार की दोहरी नीति पर करारा हमला करते हुए कहा कि जब तेल कंपनियों को लाखों करोड़ों का मुनाफा हो रहा था, तब देश के नागरिकों को एक पैसे की राहत नहीं दी गई। लेकिन आज, जब अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर मामूली उतार-चढ़ाव या कंपनियों को थोड़ा भी नुकसान होने की बात आती है, तो केंद्र सरकार तुरंत कीमतें बढ़ाकर आम जनता का गला घोंटने लगती है। पिछले एक हफ्ते में तेल की कीमतें लगातार बढ़ी हैं। धालीवाल ने आशंका जताई कि उन्हें डर है कि आने वाले दो-तीन दिनों के अंदर केंद्र सरकार डीजल, पेट्रोल और सीएनजी की कीमतों में फिर से भारी वृद्धि करने जा रही है, जो सीधे तौर पर गरीब और मध्य वर्ग की कमर तोड़ देगा।

पंजाब और देश के किसानों का दर्द साझा करते हुए कुलदीप सिंह धालीवाल ने कहा कि 1 जून से पंजाब समेत पूरे देश में धान की बुवाई का सीजन शुरू होने जा रहा है। भयंकर गर्मी और तपती धूप में हमारा किसान रात-दिन एक करके, ट्रैक्टर चलाकर अपने बच्चों को पालने और देश का पेट भरने की तैयारी कर रहा है। लेकिन इस क्रूर केंद्र सरकार ने ठीक मौके पर तेल महंगा करके किसानों की पीठ में छुरा मारा है। जब डीजल इतना महंगा होगा, तो किसान खेती कैसे करेगा? ट्रैक्टर, खेती और बुवाई की लागत इतनी बढ़ जाएगी कि किसान के पास अपने बच्चों का पेट पालने के लिए कुछ नहीं बचेगा। इस महंगे तेल के कारण देश की कृषि व्यवस्था पूरी तरह दम तोड़ देगी।

धालीवाल ने देश की जनता को इस बड़ी लूट के खिलाफ सावधान करते हुए कहा कि यह लड़ाई सिर्फ किसानों की नहीं बल्कि देश के हर आम आदमी की लड़ाई है, क्योंकि डीजल और पेट्रोल के दाम बढ़ने से देश में माल-भाड़ा बढ़ेगा, जिससे खाने-पीने, पहनने और रोजमर्रा के इस्तेमाल की हर जरूरी वस्तु आम आदमी की पहुंच से बाहर हो जाएगी। छोटा व्यापारी, रेहड़ी-फड़ी वाला, मजदूर और आम नौकरीपेशा इंसान इस बेकाबू महंगाई के कारण पूरी तरह बर्बाद हो जाएगा।

Continue Reading
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Punjab

आप ने साइबर आतंकवाद के एक बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ करने के लिए पंजाब पुलिस की तारीफ की

Published

on

आम आदमी पार्टी (आप) पंजाब के मुख्य प्रवक्ता और विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल ने साइबर आतंकवाद के एक बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ करने और पश्चिम बंगाल से मुख्य आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए पंजाब पुलिस की तारीफ की।

शुक्रवार को अमृतसर में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल ने कहा कि सरदार भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी सरकार शुरू से ही वादा करती रही है कि आतंक फैलाने, फायरिंग करने, धमाके करने या किसी भी तरह से राज्य का माहौल खराब करने की कोशिश करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

उन्होंने बताया कि आज के दौर में साइबर आतंकवाद एक नई बड़ी चुनौती के रूप में उभरा है, जिसके तहत स्कूल, कॉलेज और सरकारी इमारतों को बम से उड़ाने की झूठी धमकियां दी जाती रही हैं। इस चुनौती का बहादुरी से सामना करते हुए अमृतसर पुलिस के बहादुर जवानों ने साइबर आतंकवाद के एक बड़े नेटवर्क के मुख्य आरोपी को पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार किया है।

धालीवाल ने कहा कि गिरफ्तार व्यक्ति 30 साल का युवक है, जिसके पाकिस्तान, बांग्लादेश समेत कई देशों और राज्यों से संपर्क थे। यह व्यक्ति एक बड़े गैंग का हिस्सा था, जो ईमेल और व्हाट्सएप ग्रुप के ज़रिए दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश समेत कई राज्यों में आतंक फैलाता रहा। यह वही व्यक्ति है जिसने पंजाब सचिवालय, विधानसभा और श्री दरबार साहिब को उड़ाने की धमकी दी थी।

धालीवाल ने साफ कहा कि साइबर आतंकवाद को कंट्रोल करना आम आतंकवाद से कहीं ज़्यादा मुश्किल काम है, क्योंकि अमेरिका, कनाडा या किसी भी देश में बैठा कोई भी व्यक्ति साइबर माध्यम से धमकियां दे सकता है। इसके बावजूद पंजाब पुलिस ने इस चुनौती में बड़ी कामयाबी हासिल की है। उन्होंने पंजाब और अमृतसर के लोगों को मैसेज दिया कि घबराने की ज़रूरत नहीं है। आप सरकार हर व्यक्ति की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

ड्रग्स के खिलाफ चल रहे अभियान का ज़िक्र करते हुए धालीवाल ने कहा कि मान सरकार ने बड़े-बड़े तस्करों को सलाखों के पीछे पहुंचाया है, जो पिछली किसी सरकार के समय में नहीं हुआ। उन्होंने केंद्र सरकार से पंजाब की 332 किलोमीटर लंबी सीमा पर तैनात बीएसएफ जवानों को मॉडर्न एंटी-ड्रोन टेक्नोलॉजी और हथियार देने की भी अपील की, जो अब तक नहीं दिए गए हैं।

Continue Reading

Punjab

पंजाब में लू से मिली हल्की राहत, बारिश के बाद बदला मौसम; कई जिलों में तेज हवाओं और बारिश का अलर्ट

Published

on

पंजाब में पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी और लू के बीच शुक्रवार सुबह लोगों को कुछ राहत मिली। सुबह हुई हल्की बारिश और ठंडी हवाओं के कारण लुधियाना, मोगा समेत कई जिलों में मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आया। जहां वीरवार को तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया था, वहीं शुक्रवार सुबह मौसम सुहावना होने से लोगों ने राहत की सांस ली।

वीरवार को पंजाब के कई जिले भीषण लू की चपेट में रहे। लुधियाना, पटियाला, हलवारा और बठिंडा में गर्म हवाओं का असर सबसे ज्यादा देखने को मिला। मौसम विभाग के अनुसार पटियाला का अधिकतम तापमान सामान्य से 4.8 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया। वहीं फरीदकोट पूरे पंजाब में सबसे गर्म जिला रहा, जहां तापमान 45.9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।

मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए पंजाब के छह जिलों में तेज हवाओं और बारिश को लेकर विशेष चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, कपूरथला और फिरोजपुर में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक की भी संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है। प्रशासन ने कहा है कि तेज हवाओं और बारिश के दौरान लोग पेड़ों, बिजली के खंभों और कमजोर ढांचों से दूर रहें। किसानों को भी कटी हुई फसल और कृषि उपकरण सुरक्षित स्थानों पर रखने की सलाह दी गई है।

हालांकि पंजाब के बाकी जिलों में अभी भी भीषण गर्मी का असर जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों में हीटवेव को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में तापमान फिर से बढ़ सकता है और लोगों को दोपहर के समय घरों से बाहर निकलने से बचना चाहिए।

मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण पंजाब के मौसम में यह बदलाव देखने को मिल रहा है। इससे कुछ इलाकों में बारिश और तेज हवाएं चल रही हैं, जबकि कई अन्य हिस्सों में अभी भी लू का प्रकोप जारी है।

Continue Reading

Punjab

पंजाब के सरकारी दफ्तरों और सभी स्कूलों का बदला समय, CM मान ने किया बड़ा ऐलान

Published

on

पंजाब में लगातार पड़ रही भीषण गर्मी और हीटवेव को देखते हुए राज्य सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। मुख्यमंत्री ने घोषणा की है कि 25 मई, सोमवार से पंजाब के सभी सरकारी दफ्तरों और सरकारी-प्राइवेट स्कूलों के समय में बदलाव किया जाएगा।

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि लोगों और बच्चों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अब सभी सरकारी दफ्तरों और स्कूलों की कक्षाएं सुबह 7:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक चलेंगी। सरकार का कहना है कि यह फैसला बच्चों और आम लोगों को दोपहर की तेज गर्मी और लू से बचाने के लिए लिया गया है।

सीएम मान ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए जानकारी देते हुए कहा कि सरकार जनता की सेहत और सुरक्षा को लेकर पूरी तरह गंभीर है और मौसम की स्थिति को देखते हुए यह जरूरी कदम उठाया गया है।

इसी बीच शुक्रवार सुबह पंजाब के कई इलाकों में मौसम ने अचानक करवट ली। जालंधर, लुधियाना और पठानकोट समेत कई शहरों में बारिश होने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई। जालंधर और पठानकोट में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। गुरुवार को पंजाब में अधिकतम तापमान में 0.9 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई, जबकि बठिंडा राज्य का सबसे गर्म शहर रहा, जहां तापमान 44.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

वहीं चंडीगढ़ और मोहाली में भी तेज गर्मी और हीटवेव का असर जारी है। चंडीगढ़ मौसम विभाग के अनुसार अगले 2 से 3 घंटों में चंडीगढ़ और मोहाली में बादल छाने और बारिश होने की संभावना है। इसके साथ 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

मौसम विभाग के मुताबिक फिलहाल तापमान में थोड़ी गिरावट देखने को मिल सकती है और अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है। हालांकि 24 मई से 26 मई के बीच मौसम फिर से साफ रहने की संभावना है, जिसके चलते तापमान दोबारा बढ़ सकता है और 26 मई तक अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है।

Continue Reading

Trending